चंदौली। जिले के ब्राह्मण समाज के लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात की। इस दौरान शहाबगंज थाना क्षेत्र के गजधरा गांव निवासी कोमल तिवारी की हत्या का मामला उठाया गया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। साथ ही घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई।
बताया गया कि एक मई की शाम को कोमल तिवारी अपने पड़ोसी संजय मिश्रा के साथ घर से बाहर गए थे। रात करीब आठ बजे संजय मिश्रा अकेले लौटे और जानकारी दी कि फत्तेपुर गांव निवासी अमरनाथ यादव से मारपीट हुई है। आरोप है कि इसी दौरान कोमल तिवारी के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो।
गंभीर रूप से घायल कोमल तिवारी को उपचार के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका आवास कच्चा है, जो आंशिक रूप से जर्जर स्थिति में है। परिवार में पत्नी निर्मला तिवारी, चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं, जिनकी स्थिति बेहद दयनीय बताई जा रही है।
ज्ञापन सौंपने वालों में डा. केएन पांडेय, सूर्यमुनी तिवारी, संजय पांडेय, परमानंद तिवारी, रत्नेश पाठक, राकेश पांडेय, सोनू तिवारी, शैलेन्द्र पांडेय, हिमांशु पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।