चंदौली। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जनपद चंदौली के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों के अधिकारों, सरकारी योजनाओं और औद्योगिक विकास में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने की।
इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी, विभिन्न प्रशासनिक पदाधिकारी, फैक्ट्री प्रतिनिधि, उद्योग से जुड़े सेवायोजक, श्रमिक, गैर सरकारी संगठन के सदस्य तथा ईंट भट्टा एसोसिएशन के रतन श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
लखनऊ से प्रसारित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से प्रसारित राज्य स्तरीय मजदूर दिवस समारोह का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इस प्रसारण में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने श्रम कानूनों, श्रमिक कल्याण योजनाओं और सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी।
उन्होंने कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा सहायता योजना तथा मातृत्व एवं शिशु बालिका मदद योजना के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही कहा कि श्रमिक परिवारों को समय-समय पर योजनाओं के माध्यम से निरंतर सहायता दी जा रही है।
निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह अनुदान को 65 हजार रुपये से बढ़ाकर शीघ्र ही एक लाख रुपये करने की घोषणा का उल्लेख भी किया गया। साथ ही न्यूनतम वेतन के अनुसार श्रमिकों को भुगतान सुनिश्चित किए जाने की बात कही गई।
श्रमिकों के स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष जोर
कार्यक्रम में बताया गया कि निर्माण श्रमिकों के लिए आयुष्मान कार्ड योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश के शेष श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है।
निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए प्रधानाचार्यों को भी स्मृति चिन्ह और टैबलेट प्रदान किए गए।
इसके साथ ही कम्पोजिट विद्यालय जेवर (नोएडा) में श्रमिकों के लिए विशेष विद्यालय खोलने की घोषणा का भी उल्लेख किया गया।
औद्योगिक विकास और श्रमिक हितों पर संतुलन पर चर्चा
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों को केवल निर्धारित मजदूरी ही नहीं बल्कि बेहतर कार्य वातावरण भी मिलना चाहिए, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर देश के विकास में योगदान दे सकें।
उद्योगपतियों की ओर से रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने श्रमिक हितों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समापन
कार्यक्रम के अंत में श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम में अजय राय, आशीष गुप्ता, अनूप साहू, राहुल शर्मा, हिमांशु कुमार, अनुज गुप्ता, दीपक माहेश्वरी, बद्री प्रसाद केशरी, राम सिंह, अरविंद सिंह, संतोष विश्वकर्मा सहित सैकड़ों उद्यमी एवं श्रमिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।