MENU

जेवरियाबाद कोटा चुनाव में धांधली के आरोप, डीएम निगरानी में दोबारा मतदान की मांग



 21/Apr/26

मतगणना में गड़बड़ी, ओवरराइटिंग और पक्षपात के आरोप; गांव में बढ़ा तनाव

जेवरियाबाद कोटा चुनाव में धांधली का आरोप

प्रत्याशी ने डीएम की निगरानी में दोबारा चुनाव की मांग की

जेवरियाबाद कोटा चुनाव को लेकर धांधली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्रत्याशी रविंद्र प्रताप सिंह और असंतुष्ट ग्रामीणों ने एडीओ पंचायत प्रेमचंद भारती पर मतगणना में लापरवाही और जातिवाद का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी की निगरानी में दोबारा चुनाव कराने की मांग की है। यह चुनाव करीब पांच महीने से राशन चोरी के मामले में निलंबित चल रहे अशोक सिंह (मिंटू) के बाद कराया गया था। इस बार चुनाव मैदान में दो प्रत्याशीरविंद्र प्रताप सिंह और ढोड़ा बिंद-आमने-सामने थे।

रविंद्र प्रताप सिंह का आरोप है कि मतगणना के दौरान गंभीर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने कहा कि “6 की लाइन को 7 गिना गया और 29 की दो लाइनें जोड़ी गईं।मतगणना की कॉपी में प्रत्याशियों के नाम दर्ज नहीं थे और कई स्थानों पर ओवरराइटिंग पाई गई। उन्होंने एडीओ पंचायत से लिखित जानकारी मांगी, लेकिन न तो कोई दस्तावेज उपलब्ध कराया गया और न ही रिकॉर्ड दिखाया गया।

स्थानीय निवासी सुजित कुमार सिंह के अनुसार, यह तीसरी बार था जब चुनाव कराया गया, जबकि इससे पहले दो बार प्रक्रिया टल चुकी थी। इस बार पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चुनाव संपन्न हुआ। आरोप है कि एडीओ पंचायत ने पिछले चुनाव की तरह इस बार भी एक पक्ष का समर्थन किया।

वहीं, विनीत कुमार बिंद ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ है और ढोड़ा बिंद को जनता ने विजयी बनाया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मतगणना की प्रक्रिया महज 2 से 3 मिनट में पूरी कर दी गई और परिणाम घोषित कर दिया गया, जबकि प्रत्याशियों या अन्य अधिकारियों से कोई परामर्श नहीं लिया गया। मतगणना कॉपी में 7 से 8 स्थानों पर ओवरराइटिंग होने की बात भी सामने आई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मतों की दोबारा गिनती या पुनः चुनाव कराने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने एडीओ पंचायत प्रेमचंद भारती को इस प्रक्रिया से अलग रखने की भी मांग की है। ढोड़ा बिंद को 10 वोटों से विजयी घोषित किए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

मामले में एडीओ पंचायत से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जिलाधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष चुनाव कराया जाए। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, अभय सिंह, पन्नू सिंह, पिंटू सिंह (बीडीसी), सुजित कुमार सिंह और प्रसिद्धन बिंद सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5376


सबरंग