रेवसा गांव में आयोजित कार्यक्रम में जुटी भीड़, ‘जय भीम’ के नारों के बीच शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश
चंदौली जिले के बरहनी विकासखंड के रेवसा गांव में अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और ‘जय भीम’ के नारे लगाए गए।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि संतोष उपाध्याय सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूर्व विधायक ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अंबेडकर के विचार समाज को समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम करना जरूरी है।
उन्होंने अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित संविधान ने देश को नई दिशा दी। साथ ही समाज में फैले भेदभाव, छुआछूत और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अंबेडकर के प्रयासों से दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को सामाजिक अधिकार मिले हैं। उन्होंने लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की, ताकि उन्हें भविष्य में मजबूरी में मजदूरी न करनी पड़े। उन्होंने ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करो’ का संदेश भी दोहराया।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के बिना व्यक्ति का विकास संभव नहीं है और समाज में आगे बढ़ने के लिए जागरूकता और संघर्ष दोनों जरूरी हैं। कार्यक्रम के बाद मनोज सिंह डब्लू छाया गोंड के निवास पर पहुंचे, जहां लोगों ने अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और नारे लगाए।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मनोहर, संतोष उपाध्याय, नागा पाण्डेय, बब्बन राम, शोबराती, गरीब राम, कपिल राम, सुग्रीव राम, बलिराम, मिठाई राम, हृदय राम, झुरा राम, छाया गोंड, कांति, शकुंतला, मीरा, राजकुमारी, प्यासी, श्याम देवी, मीला, तेतरा सहित कई अन्य लोग और बच्चे उपस्थित रहे।