MENU

चंदौली में निर्माणाधीन पुल गिरा, ढलाई के दौरान ढांचा ध्वस्त, ठेकेदार फरार

रिपोर्ट- हरिशंकर तिवारी

 19/Mar/26

चंदौली के बनौली खुर्द में निर्माणाधीन पुल ढलाई के दौरान गिर गया। हादसे में मजदूरों के दबने की आशंका, ठेकेदार फरार, जांच शुरू

लापरवाही या घटिया निर्माण ? चंदौली पुल हादसे ने खड़े किए बड़े सवाल

चंदौली। जिले के बनौली खुर्द ग्राम सभा में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल की ढलाई के दौरान अचानक पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोग और ठेकेदार मौके से फरार हो गए, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल निर्माण का काम तेजी से चल रहा था और उसी दौरान ढलाई की प्रक्रिया जारी थी। इसी बीच अचानक संरचना कमजोर पड़ गई और पूरी स्लैब नीचे गिर गई। घटना के समय मौके पर कई मजदूर मौजूद थे, जिससे कुछ लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। खबर लिखे जाने तक किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक मजदूर के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिसका इलाज जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इस बीच सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और लापरवाही को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा था और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और घायलों को उचित इलाज व मुआवजा देने की मांग तेज हो गई है।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4626


सबरंग