वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के नवागत पुलिस आयुक्त किरण एस0 ने पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। शनिवार, 28 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और साइबर सेल प्रभारी के साथ परिचयात्मक गोष्ठी कर अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध किरीट राठोड सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवागत पुलिस आयुक्त का स्वागत किया।
इसके बाद पुलिस आयुक्त ने गूगल मीट के माध्यम से कमिश्नरेट के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और साइबर सेल प्रभारी के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों की किसी भी सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अनिवार्य रूप से मुकदमा दर्ज किया जाए। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
पुलिस आयुक्त ने छिनैती की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अभ्यस्त अपराधियों को चिह्नित कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। अवैध शराब, नारकोटिक्स और सिंथेटिक ड्रग्स की बिक्री एवं तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहने, बल्कि डीलरों, निर्माताओं और पूरे संगठित नेटवर्क को निशाने पर लेने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट समयसीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। जघन्य अपराधों की विवेचना 90 दिनों और सामान्य अपराधों की विवेचना 60 दिनों के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया। उन्होंने न्यायालयों में लंबित मुकदमों की गुणवत्तापूर्ण पैरवी और साक्ष्यों के प्रभावी प्रस्तुतीकरण पर भी जोर दिया, ताकि अभियुक्तों को अधिक से अधिक मामलों में सजा दिलाई जा सके।
पुलिस आयुक्त ने डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। गंभीर घटनाओं में संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी से फीडबैक लेकर मौके पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की प्रतिदिन जांच करने और उनकी स्थिति जनरल डायरी (GD) में दर्ज करने को कहा।
वांछित और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी दबिश देने तथा गैर-जमानती वारंट (NBW) के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग और नियमित मॉनीटरिंग पर भी जोर दिया गया। किसी भी गंभीर आपराधिक घटना या कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में पुलिस आयुक्त किरण एस0 ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को पूरी निष्ठा, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ काम करने को कहा। उन्होंने जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कमिश्नरेट वाराणसी में पारदर्शी, प्रभावी और जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वाराणसी के नए पुलिस आयुक्त किरण एस0 सख्त, महिला अपराधों पर तत्काल FIR के निर्देश
वाराणसी के पुलिस आयुक्त किरण एस0 ने गार्ड ऑफ ऑनर के बाद अधिकारियों के साथ बैठक की। महिला अपराधों पर तत्काल FIR, 60-90 दिन में विवेचना और अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वाराणसी पुलिस आयुक्त किरण एस0
varanasi-police-commissioner-kiran-s-strict-crime-control-orders
वाराणसी पुलिस, किरण एस0, Varanasi Police Commissioner, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, उत्तर प्रदेश पुलिस, पुलिस लाइन वाराणसी, डायल 112, वाराणसी समाचार