वाराणसी। काशी में फूलों की खूबसूरती के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। आगामी 9 जनवरी से 14 जनवरी 2027 तक सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, चौकाघाट में मण्डलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी-2027 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बार प्रदर्शनी में लगभग सात लाख फूलों और करीब 30 विभिन्न प्रजातियों का उपयोग होगा। इसे प्रदेश के सबसे बड़े पुष्प आयोजनों में शामिल करने की तैयारी है। मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित प्रदर्शनी समिति की द्वितीय बैठक में तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्थल ले-आउट, थीम आधारित जोन, फूलों की सजावट, स्थानीय कला एवं उत्पादों के प्रदर्शन, जनभागीदारी और प्रायोजन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
प्रदर्शनी स्थल को अलग-अलग थीम और रंगों के आधार पर कई जोन में विभाजित किया जाएगा। इसका केंद्रीय आकर्षण 'दिव्य काशी' जोन होगा, जहां मंदिर की भव्य प्रतिकृति स्थापित की जाएगी। इसे सामान्य आकार से लगभग तीन गुना बड़ा तैयार करने का प्रस्ताव है। 'नव्य काशी' जोन में हरे रंग के माध्यम से काशी के आधुनिक विकास और नमो घाट जैसे नए आकर्षणों को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, 'गंगा उत्सव' जोन बैंगनी रंग में सजाया जाएगा, जिसमें गंगा आरती, नाव और घाटों की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। 'रंगीली बनारस' जोन में बनारसी पान, बनारसी साड़ी, बनारसी घराना, कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा बैंक साइड हॉल में नर्सरी, फूड कोर्ट और बुक फेस्टिवल की व्यवस्था प्रस्तावित है।
छह दिवसीय प्रदर्शनी में फूलों की ताजगी बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। हर तीसरे दिन प्रदर्शनी बंद होने के बाद रात में फूलों को बदला जाएगा। आयोजन समाप्त होने के बाद सजावटी संरचनाओं को नष्ट करने के बजाय शहर के किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने अथवा उनका पुनर्चक्रण करने के विकल्पों पर भी विचार किया गया।
सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर के लगभग 25 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में आयोजित होने वाली यह प्रदर्शनी बड़े स्तर पर तैयार की जा रही है। दर्शकों की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार रखने की योजना है, ताकि भीड़ का आवागमन सुगम बना रहे।
बैठक में अधिक से अधिक स्थानीय कृषकों, नर्सरी संचालकों और पुष्प उत्पादकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रदर्शनी में नई प्रजातियों के फूलों, उत्कृष्ट फलों और शाक-भाजी के नमूनों को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से किसानों, बागवानों और आम लोगों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उद्यान विभाग के अनुसार, वर्ष 2021 से राजकीय अलंकृत उद्यान, कम्पनीबाग परिसर में प्रतिवर्ष पुष्प प्रदर्शनी आयोजित की जाती रही है। यह प्रदर्शनी दो भागों, 18 वर्गों और 154 श्रेणियों में विभाजित रहती है। पिछले वर्ष आयोजित प्रदर्शनी में 243 प्रतियोगियों ने कुल 3,527 प्रविष्टियां प्रस्तुत की थीं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, जिला उद्यान अधिकारी, सचिव पुष्प प्रदर्शनी समिति तथा पुष्प प्रदर्शनी के आयोजन का अनुभव रखने वाली फर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वाराणसी में 9 जनवरी से पुष्प प्रदर्शनी 2027, 7 लाख फूलों से सजेगी दिव्य काशी
वाराणसी के सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 9 से 14 जनवरी तक पुष्प प्रदर्शनी 2027 आयोजित होगी। सात लाख फूलों और 30 प्रजातियों से सजेगी काशी।
वाराणसी पुष्प प्रदर्शनी 2027
काशी फ्लावर शो 2027, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, दिव्य काशी, 7 लाख फूल, मंडलायुक्त वाराणसी, फूलों की प्रदर्शनी
varanasi-flower-exhibition-2027-seven-lakh-flowers
वाराणसी पुष्प प्रदर्शनी 2027 में फूलों से तैयार होने वाली दिव्य काशी की भव्य सजावट।
#VaranasiNews #FlowerExhibition2027 #Kashi #DivyaKashi #VaranasiFlowerShow #UPNews #JaideshNews