MENU

लखनऊ में खाकी हुई दागदार! सराफा कारोबारी से सोने के जेवर लूटने में दो पुलिसकर्मी और DRI कर्मी गिरफ्तार



 27/Nov/26

जीरो टॉलरेंस नीति के बीच वर्दीधारियों ने ही रची लूट की साजिश, 844 ग्राम सोने के आभूषण और 1.82 लाख रुपये बरामद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में दिल्ली के सराफा कारोबारी को पुलिस और जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर बस से उतारने के बाद सोने के जेवरात और नकदी लूट ली गई। मामले की जांच में पुलिस विभाग के दो सिपाहियों और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के एक कर्मचारी की संलिप्तता सामने आई है। लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बस से उतारकर कारोबारी को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर निवासी महेंद्र दास दिल्ली के करोल बाग में अपने जीजा छोटू साहू के साथ सराफा कारोबार करते हैं। 21 नवंबर की रात जौनपुर में व्यापारियों को जेवरात देने के बाद वह निजी बस से दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के खुर्दही बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास वर्दीधारी सिपाहियों समेत नौ बदमाशों ने बस को ओवरटेक कर रुकवा लिया।

आरोपियों ने खुद को पुलिस और जांच एजेंसी का अधिकारी बताते हुए कारोबारी पर अवैध सोना तस्करी का आरोप लगाया। चेकिंग के बहाने उन्हें बस से नीचे उतारा और जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद सोने के आभूषणों और नकदी से भरा बैग लूटकर कारोबारी को चलती गाड़ी से सुनसान सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए।

कारोबारी के परिचित ने ही रची थी लूट की साजिश

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष टीमें गठित कीं। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने बताया कि कारोबारी का पूर्व परिचित कारीगर तिलक मांझी उनकी यात्रा और सोने के आभूषणों की खेप की पूरी जानकारी रखता था। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची।

पुलिस जांच में जौनपुर के सराफ प्रीतम सोनी, यूपी पुलिस के सिपाही विनय शंकर, लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में तैनात सिपाही दुर्गेश कुमार कुशवाहा और DRI कर्मचारी अविनाश शाही की भूमिका सामने आई। बताया गया कि अविनाश शाही उसी बस में सवार होकर कारोबारी की लोकेशन की जानकारी अन्य आरोपियों तक पहुंचा रहा था।

844 ग्राम सोना और 1.82 लाख रुपये बरामद

लखनऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिपाही दुर्गेश कुमार कुशवाहा, DRI कर्मचारी अविनाश शाही, सराफ प्रीतम सोनी, कारीगर तिलक मांझी और सिक्योरिटी गार्ड राहुल चौहान को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 844 ग्राम सोने के आभूषण, 1.82 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई है।

फरार आरोपियों की तलाश में दबिश

पुलिस के अनुसार, इस मामले में सिपाही विनय शंकर और उसके तीन अन्य साथी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून की आड़ में अपराध करने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। वर्दी में रहकर अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

 लखनऊ में सराफा कारोबारी से सोने की लूट, दो पुलिसकर्मी और DRI कर्मी गिरफ्तार

 लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में सराफा कारोबारी से सोने के जेवर और नकदी लूटने के मामले में दो पुलिसकर्मी, DRI कर्मचारी समेत पांच गिरफ्तार। 844 ग्राम सोना और 1.82 लाख रुपये बरामद।

 लखनऊ सराफा कारोबारी लूट

 lucknow-sarafa-businessman-gold-robbery-police-dri-arrested


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7634


सबरंग