वाराणसी। देव दीपावली पर्व पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए नगर निगम ने गंगा के सभी 88 घाटों और उनसे जुड़े प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, विशेष सफाई अभियान, सार्वजनिक शौचालयों और पेयजल सुविधाओं की निगरानी के लिए नगर निगम और जलकल विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है, जो देव दीपावली कार्यक्रम के समापन तक जारी रहेगी।
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।
नगर निगम की ओर से नामित राजस्व निरीक्षकों और कर निरीक्षकों को अपने-अपने आवंटित घाटों तथा आसपास के क्षेत्रों में 23 और 24 नवंबर को शाम पांच बजे से रात 12 बजे तक स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान घाटों, सीढ़ियों, गलियों, संपर्क मार्गों और प्रमुख सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था तथा विशेष सफाई अभियान का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान यदि कहीं स्ट्रीट लाइट खराब या बंद मिलती है अथवा कूड़ा-करकट, सिल्ट और गंदगी दिखाई देती है तो संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर तत्काल उसका निस्तारण कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ घाटों पर मोबाइल टॉयलेट, पोर्टेबल टॉयलेट और पेयजल टैंकरों की उपलब्धता एवं संचालन की भी निगरानी की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर कराएं और कार्रवाई के बाद फोटोग्राफ सहित अनुपालन रिपोर्ट तैयार करें।
नामित कर निरीक्षकों और राजस्व निरीक्षकों को अपनी निरीक्षण रिपोर्ट अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा के कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी। इसके साथ ही व्यवस्थाओं में मिली कमियों के निस्तारण और की गई कार्रवाई की अनुपालन आख्या नगर आयुक्त को भी देनी होगी। नगर निगम का लक्ष्य देव दीपावली के दौरान सभी घाटों और प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता, रोशनी और नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है।