MENU

देव दीपावली पर गंगा में तैनात रहेंगी एनडीआरएफ की नौ टीमें, आधुनिक उपकरणों से करेंगी पेट्रोलिंग



 24/Nov/26

नमो घाट से सामने घाट तक प्रमुख स्थानों पर होगी सुरक्षा व्यवस्था, डीप डाइवर्स और मेडिकल टीम भी रहेंगी तैनात

वाराणसी। देव दीपावली महापर्व के दौरान गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ, वाराणसी ने व्यापक सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्था की है। 24 नवंबर को आयोजित होने वाले पर्व के दौरान गंगा नदी में एनडीआरएफ की नौ टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें आधुनिक बचाव उपकरणों, मोटरबोट और मेडिकल टीम के साथ प्रमुख घाटों पर निरंतर पेट्रोलिंग करेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के नेतृत्व एवं निर्देशन में एनडीआरएफ की टीमें नमो घाट, गायघाट, सिंधिया घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, चौसट्टी घाट, हनुमान घाट, दशाश्वमेध घाट, तुलसी घाट और सामने घाट सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगी। प्रत्येक टीम में प्रशिक्षित बचावकर्मी, गहरे पानी में गोताखोरी करने वाले कुशल डीप डाइवर्स और आधुनिक बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही मोटरबोट तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त मेडिकल टीम भी मुस्तैद रहेगी।

गंगा में लगातार होगी पेट्रोलिंग

एनडीआरएफ की टीमें गंगा नदी में लगातार पेट्रोलिंग कर जल सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। घाटों और नदी में किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर बचावकर्मी तत्काल कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान चलाएंगे। इसके लिए सभी टीमों को आवश्यक संसाधनों और उपकरणों के साथ तैयार रखा जाएगा।

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय

देव दीपावली के दौरान एनडीआरएफ जिला प्रशासन, पुलिस, जल पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी संभावित दुर्घटना पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाना है।

नौका विहार के दौरान लाइफ जैकेट पहनने की अपील

एनडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गंगा में स्नान तथा नौका विहार के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। नौका विहार करते समय लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें और नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न करें। घाटों पर केवल सुरक्षित एवं निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करें। इसके साथ ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालु और पर्यटक तत्काल नजदीकी सुरक्षा कर्मियों या एनडीआरएफ के जवानों को सूचना दें। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आपदा-मुक्त देव दीपावली आयोजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6069


सबरंग