MENU

पुलिस झंडा दिवस पर वाराणसी पुलिस लाइन में फहराया गया पुलिस ध्वज, मोहित अग्रवाल ने दी सलामी



 24/Nov/26

23 नवंबर 1952 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने यूपी पुलिस को प्रदान किया था ध्वज, पुलिस आयुक्त ने जवानों को कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का दिलाया संकल्प

वाराणसी। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार, 23 नवंबर 2026 को वाराणसी पुलिस लाइन में पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ध्वज को सलामी देते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इसके गौरवशाली इतिहास, महत्व और पुलिस बल की परंपराओं की जानकारी दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

1952 में यूपी पुलिस को मिला था पुलिस ध्वज

पुलिस आयुक्त ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिस बल के साहस, शौर्य, त्याग, समर्पण, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

पुलिसकर्मियों को दिलाया जनसेवा का संकल्प

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पुलिस ध्वज की प्रतिष्ठा और गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की सुरक्षा और सेवा के प्रति समर्पित रहना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है।

इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज के सम्मान और गौरवशाली परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करने का संकल्प लिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3877


सबरंग