वाराणसी। बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर सोमवार, 23 नवंबर 2026 को श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्रीहरि विष्णु के प्रमुख विग्रहों का विशेष पूजन-अर्चन एवं आरती की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में गर्भगृह और दण्डपाणि मंडप के मध्य स्थित बैकुंठ जी के विग्रह का विधि-विधान से पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान को विभिन्न नैवेद्य अर्पित किए गए।
बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर मुख्य मंदिर परिसर स्थित बैकुंठ जी का सर्वप्रथम षोडशोपचार विधि से पूजन किया गया। इसके बाद वैकुण्ठेश्वर महादेव जी को तुलसी दल अर्पित करते हुए श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया गया और सहस्रार्चन संपन्न हुआ। अनुष्ठान के दौरान भगवान बैकुंठ जी को लड्डू, विभिन्न फल और अन्य नैवेद्य अर्पित किए गए। पूजन के उपरांत विधिवत महाआरती की गई।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को बैकुंठ चतुर्दशी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। पौराणिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान विष्णु ने भगवान शिव को एक हजार कमल पुष्प अर्पित कर उनकी आराधना की थी।
इस अवसर पर श्रद्धालु सुख, समृद्धि, मोक्ष और आध्यात्मिक कल्याण की कामना के साथ भगवान शिव एवं विष्णु की पूजा करते हैं।
विशेष पूजन में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उप जिलाधिकारी, मंदिर न्यास के कार्मिकों एवं अन्य अधिकारियों ने तुलसी दल अर्पित कर सहभागिता की। समस्त धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के अर्चक के पौरोहित्य में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुए।