MENU

देव दीपावली पर 15 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 3000 पुलिसकर्मी होंगे तैनात, गंगा में बनेगा अस्थायी पुलिस स्टेशन



 24/Nov/26

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी के साथ बोट से किया घाटों का निरीक्षण, 25 से अधिक आईपीएस और 50 से ज्यादा पीपीएस अधिकारियों की लगेगी ड्यूटी

वाराणसी। देव दीपावली 2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन में करीब 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए घाटों से लेकर गंगा के जलमार्ग तक व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पर्व के दौरान 3000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ 25 से अधिक आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। गंगा नदी में अस्थायी पुलिस स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा, जहां रेस्क्यू बोट और बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे।

रविवार, 22 नवंबर को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ गोदौलिया से बोट के जरिए निरीक्षण शुरू किया। चेतसिंह घाट होते हुए नमोघाट तक पहुंचे अधिकारियों ने गंगा के वाटर रूट, प्रमुख घाटों, नौका संचालन क्षेत्रों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ वाले स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान जलमार्ग की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, नौका संचालन और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गंगा में बनेगा अस्थायी पुलिस स्टेशन, वाटर बैरिकेडिंग से तय होंगे नावों के रास्ते

देव दीपावली पर गंगा में बड़ी संख्या में नावों के संचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए नदी के जल क्षेत्र में अस्थायी पुलिस स्टेशन बनाया जाएगा। यहां रेस्क्यू बोट और आवश्यक बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे, ताकि नावों की टक्कर, किसी श्रद्धालु के नदी में गिरने या अन्य आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

गंगा में नावों के सुरक्षित आवागमन के लिए वाटर बैरिकेडिंग कर आने और जाने के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे। नाव संचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल पुलिस और रेस्क्यू टीमों के बीच बेहतर समन्वय के साथ मोटरबोट से लगातार पेट्रोलिंग भी की जाएगी।

घाटों पर भीड़ नियंत्रण के लिए जोन और सेक्टर में बंटेगा क्षेत्र

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों को विभिन्न जोन और सेक्टरों में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। घाटों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। रामनगर की ओर स्थित घाटों पर भी संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और विशेष इकाइयों को अलर्ट रखा जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था में सीआरपीएफ, पीएसी और अन्य विशेष टीमों की भी तैनाती होगी। वीवीआईपी अतिथियों की सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी, यातायात डायवर्जन प्लान तैयार

देव दीपावली के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। कंट्रोल रूम से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही अग्निशमन, चिकित्सा और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

शहर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। निर्धारित व्यवस्था के तहत मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शहर में आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों और मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। दालमंडी की ओर विकसित हो रहे नए मार्ग पर भी पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।

11 लाख दीपों से जगमगाएंगे घाट, लेजर और ड्रोन शो भी होंगे

देव दीपावली पर गंगा के घाटों पर करीब 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही गंगा आरती, लेजर शो, आतिशबाजी, ड्रोन शो और गंगा महोत्सव सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है।

पुलिसकर्मियों को दी जा रही सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग

देव दीपावली पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल और व्यवहार कुशलता का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया है कि वाराणसी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक पुलिस के लिए अतिथि है। पुलिसकर्मी उन्हें सम्मानपूर्वक 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करें तथा उनकी समस्याओं का विनम्रता से समाधान करें।

पुलिसकर्मियों को सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के मूल मंत्र के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय किरीट राठोड सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2914


सबरंग