वाराणसी। काशी में 24 नवंबर को आयोजित होने वाली देव दीपावली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष भी आदि केशव घाट से सामने घाट तक गंगा के तट असंख्य दीपों से रोशन होंगे। गंगा पार रेती में भी लाखों दीपक जलाए जाएंगे। आयोजन को व्यवस्थित रूप देने के लिए 84 घाटों पर समितियों का गठन किया गया है। इसके अलावा 102 से अधिक कुंडों, तालाबों और पोखरों के साथ मंदिरों एवं मठों में भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।
रविवार को पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के संस्थापक-अध्यक्ष पं. नारायण गुरु ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देव दीपावली के आयोजन के लिए 15 सदस्यीय कोर कमेटी का भी गठन किया गया है। गंगा के प्रमुख घाटों के अलावा गंगापार रेती, सामने घाट और रामनगर घाट पर भी दीपोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं।
पं. नारायण गुरु ने बताया कि देव दीपावली के सफल आयोजन के लिए गठित कोर कमेटी में पं. नारायण गुरु, पं. नलिन नयन मिश्रा, संतोष सोलापुरकर, प्रशांत शंकर व्यास, अजय शर्मा, अंकुर मेहरोत्रा, धनावती देवी, मनीष पाण्डेय, गोपाल शर्मा, विकास यादव, रोशन गुजराती, अशोक नेने, रत्नाकर त्रिपाठी, आर्यन पाण्ड्या और विनोद दवे को शामिल किया गया है।
पं. नारायण गुरु ने देव दीपावली के इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि काशी में इस आयोजन की शुरुआत वर्ष 1985 में छह घाटों से हुई थी। इनमें जटार घाट, राजा ग्वालियर घाट, बालाजी घाट, कोनिया घाट, बिन्दु माधव घाट और गरवा घाट शामिल थे। उस समय इन छह घाटों पर करीब आठ हजार दीपक प्रज्ज्वलित किए गए थे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1986 में आयोजन छह से बढ़कर 10 घाटों तक पहुंचा। वर्ष 1990 में इसका विस्तार अन्य घाटों तक हुआ और आयोजन को व्यवस्थित करने के लिए घाट समितियों का गठन शुरू किया गया। वर्ष 1995 तक देव दीपावली का आयोजन 78 घाटों पर होने लगा था।
वर्ष 1996 में पं. वागीशदत्त मिश्र को संस्था में महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। बाद में उन्होंने अध्यक्ष पद का भी निर्वहन किया। उनके असामयिक निधन पर महासमिति ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
महासमिति के संस्थापक-अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2011 में देव दीपावली का विस्तार गंगापार रेती तक किया गया। इसमें आनंद सिंह, केएन सिंह, अशोक पटेल, छोटे लाल प्रधान और साधन प्रधान ने प्रमुख भूमिका निभाई। इनके सहयोग से वर्ष 2011, 2012 और 2013 में गंगापार रेती में आयोजन हुआ, जो आज भी जारी है।
पं. नारायण गुरु के अनुसार, वर्ष 2014 में मध्य प्रदेश के नर्मदा तट पर भी देव दीपावली की शुरुआत की गई। महाकाल, उद्गम स्थल और अमरकंटक सहित पांच से छह मंदिरों एवं प्रमुख स्थलों पर आरती और दीपदान की परंपरा शुरू हुई, जो इस वर्ष भी जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि देव दीपावली के आयोजन में काशी के विभिन्न मठों, मंदिरों और आश्रमों के महंतों, संत-महात्माओं तथा गणमान्य नागरिकों का लगातार सहयोग मिलता रहा है। इनमें संकट मोचन मंदिर के पूर्व महंत स्वर्गीय वीरभद्र मिश्र, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती, सतुआ बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर यमुनादास महाराज, हथियाराम मठ के महंत भवानीनन्दन यति और व्यापारी स्वर्गीय हरि प्रसाद अग्रवाल सहित कई प्रमुख लोगों का योगदान रहा है।
पत्रकार वार्ता में पं. नरेंद्र पाण्डेय, संतोष सोलापुरकर, पं. नलिन नयन मिश्रा, अशोक नेने, अंकुर मेहरोत्रा, गिरीश पाण्डेय और रवि रौशन मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।