महापौर अशोक तिवारी ने अस्सी से नमो घाट तक नाव से लिया तैयारियों का जायजा, डार्क जोन खत्म करने और डोमरी के मियावाकी वन में फ्लड लाइट लगाने के निर्देश
वाराणसी। देव दीपावली पर्व को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी के साथ अस्सी घाट से नमो घाट तक नाव से भ्रमण कर गंगा के प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब आधा दर्जन घाटों पर प्रकाश व्यवस्था में कमी मिलने पर महापौर ने नाराजगी जताई और तत्काल डार्क जोन खत्म करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मानसरोवर घाट, राजा घाट, पांडेय घाट, बलुआघाट, ब्रह्मा घाट, हनुमानगढ़ी घाट और मणिकर्णिका घाट के आसपास के हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं मिली। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर तत्काल लाइटें लगवाने और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने नमो घाट के सामने गंगा पार डोमरी क्षेत्र में विकसित मियावाकी वन में भी फ्लड लाइट लगाने के निर्देश दिए, ताकि देव दीपावली के दौरान यह क्षेत्र भी रोशनी से जगमग रहे।
महापौर ने सभी घाटों पर 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' के संदेश वाले बैनर लगाने और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। नाव से निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, घाटों की साफ-सफाई, सीढ़ियों की स्थिति तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि देव दीपावली पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। ऐसे में घाटों पर प्रकाश, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य समय से पूरे कराए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त विनोद गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता खुरेश चंद्र सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और क्षेत्रीय पार्षद मौजूद रहे।
Varanasi Dev Deepawali 2026, Varanasi Ghats Lighting, Dev Deepawali Preparation, Mayor Ashok Tiwari Inspection, Namo Ghat, Assi Ghat, Domari Miyawaki Forest
देव दीपावली 2026 से पहले महापौर अशोक तिवारी ने अस्सी से नमो घाट तक नाव से निरीक्षण किया। आधा दर्जन घाटों पर रोशनी की कमी मिलने पर डार्क जोन खत्म करने के निर्देश दिए।