MENU

यूपी में 28 और 29 नवंबर को फिर लगेगा मतदाता सूची सुधार अभियान, बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ



 22/Nov/26

उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आज 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आलेख्य मतदाता सूची एवं पर्याप्त संख्या में फार्मों (6, 7 एवं 8) के साथ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे। नागरिकों को अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने तथा नाम न होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराने के लिए जागरूक किया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि यदि कोई नागरिक 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवस में किसी कारणवश अपने मतदेय स्थल पर नहीं पहुंच सके हैं, तो भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। आगामी 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिवसों पर नागरिक अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना एवं परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं और नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के लिए आवश्यक है, इसलिए सभी पात्र नागरिक को समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराना चाहिए।

प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर आयोजित विशेष अभियान दिवस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा आज भी विभिन्न जनपदों में पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, आलेख्य मतदाता सूची एवं आवेदन फार्मों की उपलब्धता, बूथ लेवल एजेंटों की सहभागिता, मतदाता सहायता डेस्क तथा पंजीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के पंजीकरण, बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क, बुक ए कॉल विद बीएलओ के लंबित प्रकरणों तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान की जानकारी ली। बीएलओ को निर्देशित किया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाए और सभी लंबित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश वासियों से अनुरोध किया है कि वे आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवसों को सफल बनाने की मुहिम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। मतदाता सूची में नाम की जांच ऑनलाइन भी की जा सकती है। इसके लिए नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है। नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता विवरण में संशोधन या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं। विशेष अभियान दिवसों की प्रतीक्षा किए बिना निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। सभी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

 UP Voter List 2027, Voter List Correction, UP Voter Registration, Form 6 Online Apply, BLO Special Campaign, Uttar Pradesh Election Commission

 यूपी में 28 और 29 नवंबर को मतदाता सूची विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। 1.73 लाख बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। जानें वोटर लिस्ट में नाम जांचने और फॉर्म-6 से जुड़वाने का तरीका।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3604


सबरंग