वाराणसी में शादी-विवाह के आयोजनों और बारात के दौरान लगने वाले जाम, ध्वनि प्रदूषण तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार बारात के दौरान सड़क के एक-तिहाई से अधिक हिस्से पर कब्जा नहीं किया जा सकेगा। वहीं, रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।पुलिस आयुक्त ने बारात संचालकों और मैरिज लॉन संचालकों को निर्देश दिया है कि बारात निकालते समय रस्सों का अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाए, ताकि बारात व्यवस्थित रहे और अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा न पहुंचे। मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए बारात घर संचालकों को बारात निकालने से पहले संबंधित स्थानीय थाने को सूचना देना अनिवार्य होगा। बिना सूचना बारात निकालने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त ने डीजे संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं। डीजे पर अश्लील, आपत्तिजनक और मर्यादा के विपरीत गाने बजाने पर रोक रहेगी। साथ ही ध्वनि का स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखना होगा। रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संचालकों और आयोजकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ डीजे सीज भी किया जा सकता है।
मैरिज लॉन में पार्किंग और सीसीटीवी की व्यवस्था अनिवार्य
सभी मैरिज लॉन और बारात घर संचालकों को पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजनों में आने वाले वाहनों को मुख्य सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर खड़ा नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा मैरिज लॉन और बारात घरों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें क्रियाशील रखने के साथ अग्निशमन सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करना भी अनिवार्य होगा।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर रात 11 बजे से यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय से बारात के आवागमन पर नजर रखेंगे। जरूरत पड़ने पर यातायात डायवर्जन और विशेष प्रबंधन भी किया जाएगा, ताकि मैरिज लॉन और बारात घरों के आसपास जाम की स्थिति न बने।
पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्तों (DCP) को अपने-अपने क्षेत्रों के बारात घर, मैरिज लॉन और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देशों की जानकारी देने और उनका पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। वहीं, थाना प्रभारियों को वैवाहिक आयोजनों और बारात के दौरान यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि वैवाहिक आयोजनों के दौरान यातायात जाम, ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों और आयोजकों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य शादी-विवाह के आयोजनों के साथ आम नागरिकों का आवागमन भी सुगम बनाए रखना है।
varanasi-baraat-dj-traffic-rules-police-commissioner
वाराणसी बारात यातायात नियम
वाराणसी / पुलिस प्रशासन
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बारात और डीजे को लेकर दिए निर्देश
Mohit Agarwal, Varanasi Police, DJ Rules, Baraat Rules, Traffic Rules, Varanasi News