MENU

सेठ एम.आर. जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप 2026: वाराणसी में जुटेंगे देश के 500 से अधिक खिलाड़ी, 30 लाख की होगी इनामी राशि



 20/Nov/26

29 नवंबर से 9 दिसंबर तक जैपुरिया बाबतपुर कैंपस में होगा 11 दिवसीय आयोजन, 22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर भी लेंगे हिस्सा, विजेता को मिलेंगे 6 लाख रुपये

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देश के दिग्गज शतरंज खिलाड़ियों का महासंग्राम सजने जा रहा है। 63वीं सेठ एम.आर. जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 29 नवंबर से 9 दिसंबर 2026 तक सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस के बाबतपुर कैंपस में किया जाएगा। ग्यारह दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 500 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल, धैर्य और रणनीति का दम दिखाएंगे। प्रतियोगिता में 22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर सहित 50 से अधिक अन्य खिताबधारी खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को छह लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं वाराणसी शतरंज संघ के संयुक्त सहयोग से ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।

33 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 500 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ के सचिव ए.के. रायजादा एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने बताया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली बार इस ग्यारह दिवसीय विशाल राष्ट्रीय आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथियों एवं खेल प्रेमियों का भी आगमन होगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 33 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों तथा संस्थागत इकाइयों के विजेता एवं खुले प्रवेश के माध्यम से कुल 500 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें 22 ग्रैंडमास्टर, 30 इंटरनेशनल मास्टर एवं 50 से अधिक अन्य खिताबधारी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी विभिन्न विश्वस्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं में भारतीय शतरंज दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता में विभिन्न राज्य शतरंज संघों एवं ऑल इंडिया चेस फेडरेशन से संबद्ध संस्थागत इकाइयों के खिलाड़ियों की भागीदारी निर्धारित पात्रता एवं प्रवेश नियमों के अनुसार होगी। प्रत्येक संबद्ध राज्य संघ अथवा संस्थागत सदस्य से चार खिलाड़ियों का कोटा निर्धारित है। ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर एवं महिला ग्रैंडमास्टर जैसे शीर्ष खिलाड़ियों के अतिरिक्त पिछली राष्ट्रीय चैंपियनशिप के शीर्ष छह पात्र खिलाड़ी, राष्ट्रीय जूनियर चैंपियन, राष्ट्रीय महिला चैंपियनशिप के विजेता एवं उपविजेता तथा नियमों में उल्लिखित अन्य पात्र खिलाड़ियों को भी प्रवेश का प्रावधान है।

देशभर से आने वाले खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों के ठहरने की व्यवस्था टीएफसी तथा नगर के अन्य अतिथि गृहों एवं होटलों में की जा रही है।

‘कौतिक’ होगा चैंपियनशिप का आकर्षक शुभंकर

काशी की आध्यात्मिक विरासत, बनारसी संस्कृति और शतरंज की बुद्धिमत्ता का अनूठा संगम है चैंपियनशिप का शुभंकर ‘कौतिक’। स्वर्णिम शतरंज के राजा के रूप में सजा यह आकर्षक शुभंकर बनारसी रेशमी परिधान और काशी के घाटों की झलक के साथ परंपरा एवं आधुनिकता का प्रतीक है। इसकी मुस्कान, आत्मविश्वास और उत्साह हर खिलाड़ी को प्रेरित करेगा। यह 63वीं सेठ एम.आर. जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप, वाराणसी 2026 का मैत्रीपूर्ण चेहरा और काशी के गौरवशाली प्रतिनिधि के रूप में प्रतिबिंबित है।

30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, विजेता को छह लाख

प्रतियोगिता में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र के साथ पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को छह लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को पांच लाख रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को चार लाख रुपये दिए जाएंगे। चौथे स्थान के लिए तीन लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। पांचवें एवं छठे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को ढाई-ढाई लाख रुपये, सातवें एवं आठवें स्थान के खिलाड़ियों को दो-दो लाख रुपये तथा नौवें एवं दसवें स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रकार शीर्ष 10 खिलाड़ियों के बीच कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

11 राउंड में होगा मुकाबला, अंतरराष्ट्रीय नियमों से खेली जाएगी प्रतियोगिता

29 नवंबर को उद्घाटित होने वाली इस प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) के शतरंज नियमों तथा स्विस प्रणाली के अंतर्गत किया जाएगा। इसमें कुल 11 राउंड खेले जाएंगे। प्रत्येक खिलाड़ी के लिए समय नियंत्रण 40 चालों के लिए 90 मिनट तथा इसके बाद 30 मिनट होगा। पहली चाल से प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड की अतिरिक्त समय वृद्धि भी मिलेगी।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की रैंकिंग निर्धारित करने के लिए बुचहोल्ज़ कट-1, बुचहोल्ज़, सोनेबॉर्न-बर्गर, प्रत्यक्ष मुकाबले तथा जीत की संख्या जैसे टाई-ब्रेक नियम लागू होंगे।

काशी में शतरंज के प्रति बढ़ रहा रुझान, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में हुए थे 5500 पंजीकरण

वाराणसी में शतरंज की बढ़ती भागीदारी के बीच यह आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। वाराणसी चेस एसोसिएशन के नवीनतम जिला विवरण में 80 फिडे रेटेड खिलाड़ियों का उल्लेख है, जिनमें 15 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। वर्ष 2026 की काशी सांसद खेलकूद शतरंज चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्गों में 5500 पंजीकरण दर्ज किए गए थे।

इस अवसर पर नगर के उदीयमान खिलाड़ियों, शतरंज प्रेमियों एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता देखने, शतरंज के दिग्गजों की मास्टर क्लास तथा समानांतर विशेष खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया जाएगा। अनुमान है कि लगभग 50 विद्यालयों के पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग इस आयोजन में भाग ले सकेंगे।

‘बियॉन्ड द बोर्ड’ पहल में सर सी.वी. रमन पर केंद्रित होगी विद्यालयस्तरीय प्रतियोगिता

चैंपियनशिप के साथ ‘बियॉन्ड द बोर्ड – द ग्रेट माइंड्स इनिशिएटिव’ के अंतर्गत सर सी.वी. रमन पर केंद्रित विद्यालयस्तरीय प्रतियोगिता की भी योजना है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय वैज्ञानिक विरासत, खोज और वैज्ञानिक जिज्ञासा से जोड़ना है। शतरंज आयोजन के साथ यह पहल विद्यालयों की शैक्षिक भागीदारी को भी प्रोत्साहित करेगी।

राज्यमंत्री, महापौर, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी सहित गणमान्य व्यक्ति होंगे संरक्षक

कार्यक्रम के कुशल संयोजन हेतु नगर के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से युक्त एक संरक्षक मंडल बनाया गया है। इस आयोजन के संरक्षकों में उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. चौधरी एवं सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स समूह के उपाध्यक्ष श्रीवत्स जैपुरिया शामिल हैं।

इन प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर की इस खेल प्रतियोगिता को विशेष गरिमा और प्रोत्साहन मिलेगा।

दीपक कुमार बजाज आयोजन समिति के अध्यक्ष, विजय कुमार को आयोजन सचिव की जिम्मेदारी

वाराणसी चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज आयोजन समिति के अध्यक्ष हैं। विजय कुमार को आयोजन सचिव तथा तुषार सारस्वत को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। आयोजन समन्वयक के रूप में आनंद सिंह, शम्स तबरेज, संजय सिन्हा, सी.के. गांगुली, साहब अहमद फारुकी, दिनेश कुमार पाण्डेय, डी.डी. पाठक एवं राजीव श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर मनोज कुमार बजाज, श्यामसुंदर बजाज, अनिल के जाजोदिया, जैपुरिया बाबतपुर की प्रधानाचार्या सुधा सिंह एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता से संबंधित प्रवेश की जानकारी के लिए aicfnationalentries@gmail.com तथा सामान्य जानकारी के लिए varanasinational2026@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मोबाइल नंबर 9559161414 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

यह आयोजन वाराणसी जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका नेतृत्व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा कर रहे हैं।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4497


सबरंग