MENU

नमो घाट पर आज से सजेगा सुरों का महाकुंभ, 20 से 23 नवंबर तक चलेगा 'काशी गंगा महोत्सव 2026'



 19/Nov/26

कुल 66 प्रस्तुतियों में 47 काशी के स्थानीय कलाकार बिखेरेंगे अपनी कला की छटा; 24 नवंबर को 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे घाट, होगा ड्रोन व लेजर शो

वाराणसी। उत्तर वाहिनी मां गंगा के पावन तट नमो घाट पर कला, संगीत और लोक संस्कृति का चार दिवसीय महाकुंभ 'काशी गंगा महोत्सव 2026' गुरुवार (20 नवंबर) से शुरू हो रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस भव्य महोत्सव का शुभारंभ 20 नवंबर को सायं 7:00 बजे नमो घाट पर गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में प्रशासन ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष महोत्सव को एक नए और भव्य कलेवर में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसमें कुल 66 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। विशेष बात यह है कि स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देते हुए इनमें से 47 प्रस्तुतियां वाराणसी के कलाकारों को दी गई हैं। इसके अलावा, 'काशी सांसद सांस्कृतिक प्रतियोगिता' के विजेता कलाकारों को भी 21 से 23 नवंबर तक प्रतिदिन अपराह्न 12:00 बजे से नमो घाट के मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

भजन क्लबिंग से होगा आगाज, कल्पना पटवारी व पद्मश्री शिवनाथ मिश्र बांधेंगे समां

  • 20 नवंबर (उद्घाटन संध्या): कार्यक्रम की शुरुआत वाराणसी के श्री राजेश उपाध्याय के मंगल डमरू एवं शंख वादन से होगी। इसके बाद पश्चिम बंगाल के श्री राघव एवं सुश्री प्राची द्वारा 'बैक स्टेज सिबलिंग भजन जैमिंग/क्लबिंग' की आधुनिक प्रस्तुति दी जाएगी।
  • 21 नवंबर: काशी के अमलेश शुक्ला, आस्था शुक्ला, वर्षा तिवारी (लोक गायन), विकास मिश्र, डॉ. स्वेता कुमारी (सुगम संगीत), सौरभ-गौरव मिश्रा, सोनी सेठ, अदिति शर्मा (कथक), सुजीत तिवारी, प्रियंका सहवाल, आदित्य सारस्वत, एसएनए अवॉर्डी रितेश-रजनीश मिश्र, नीरज मिश्र (त्रिशूल बैंड), लखनऊ से पं. जयन्त खोत, प्रयागराज से डॉ. ऋषि मिश्र व वर्षा मिश्रा तथा दिल्ली से निलेश-निकेश कुमार मलिक अपनी प्रस्तुति देंगे।
  • 22 नवंबर: बिहार की सुप्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी, गोरखपुर की जगदीश्वर प्रिया लक्ष्मी (लोक नृत्य), लखनऊ की अपर्णा यादव (भजन) व सुरभि सिंह (कथक), आगरा की तृप्ति नागर एवं समूह (बृज लोकनृत्य), गाजीपुर के अरुण कुमार सिंह के साथ काशी के गणेश पाठक, माण्डवी व शांभवी सेठ, सरिता सेठ, डॉ. जान्हवी पाण्डेय, रविशंकर मिश्र व डॉ. ममता टण्डन, स्नेहा अवस्थी, अवंतिका महाराज, रंजना राय, पं. अनूप व आर्यन मिश्र, रूद्र शंकर और अंशुमान महाराज (काशी रस वाद्य वृंद) मंच संभालेंगे।
  • 23 नवंबर (समापन संध्या): पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र (ताल वाद्य कचहरी), मुंबई से कुमार सत्यम (भजन) व सुहानी भट्टाचार्या (भरतनाट्यम), कोलकाता से ब्रतति चौधुरी, बेंगलुरु से स्वाति अत्मनाथन एवं समूह, मध्य प्रदेश से खुशबू पांचाल, लखनऊ से संजू सिंह, प्रयागराज से आशुतोष श्रीवास्तव, भदोही से शेषमणि सरोज और काशी के विशाल मिश्र 'सागर', गौरव मिश्र, नम्रता मिश्र, शेर सिंह राठौर व पंकज कुमार मिश्र सुरों की महफिल सजाएंगे।

24 नवंबर को भव्य देव दीपावली: 11 लाख दीयों संग दिखेगा लेजर और ड्रोन शो का रोमांच
गंगा महोत्सव के समापन के अगले दिन 24 नवंबर (कार्तिक पूर्णिमा) को काशी के सभी घाटों, कुंडों, तालाबों और गंगा पार रेती पर देव दीपावली मनाई जाएगी। पर्यटन विभाग एवं महोत्सव समिति द्वारा 11 लाख से अधिक मिट्टी के दीपकों की व्यवस्था की गई है, जिनका वितरण 22 नवंबर से राजघाट से शुरू होगा। व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए घाटों को 20 सेक्टर और गंगा पार क्षेत्र को 14 सेक्टर में बांटकर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।

देव दीपावली (24 नवंबर) के प्रमुख आकर्षण और समय:

  • दीप प्रज्ज्वलन (सभी घाट व गंगा पार): सायं 05:15 से 05:45 बजे तक
  • भव्य गंगा आरती (प्रमुख घाटों पर): सायं 06:00 से 07:00 बजे तक
  • 3D प्रोजेक्शन एवं लेजर शो (चेतसिंह किला): रात्रि 07:20 से 07:45 बजे तक (25 मिनट)
  • भव्य ड्रोन शो (चेतसिंह किला के सामने रेती पर): रात्रि 08:00 से 08:10 बजे तक (10 मिनट)
  • ग्रीन आतिशबाजी (ललिता घाट के सामने रेती पर): रात्रि 08:30 से 08:40 बजे तक (10 मिनट)

 

 

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4243


सबरंग