मोबाइल और कंप्यूटर से पोर्टल पर दर्ज करें परिवार का विवरण, स्व-गणना के बाद मिलेगी 11 अंकों की SE ID
वाराणसी। आगामी जनगणना को अधिक सुगम, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए वाराणसी में स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने काशीवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
इस संबंध में बुधवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी ने मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन से उनके कार्यालय में मुलाकात कर अभियान की रूपरेखा, अब तक हुई प्रगति और जनजागरूकता के लिए किए जा रहे प्रशासनिक प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से नागरिक बिना किसी प्रतीक्षा के स्वयं अपने और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
जनगणना विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार
मंडलायुक्त ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि देश और प्रदेश की नीतियों, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं, प्रबुद्धजनों और परिवारों से 30 नवंबर से पहले स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया।
पोर्टल पर दर्ज करें परिवार का विवरण
स्व-गणना की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया गया है। इसके लिए नागरिकों को किसी सरकारी कार्यालय जाने या प्रगणक की प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं है। वे मोबाइल फोन, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर लॉग-इन कर अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना के बाद मिलेगी 11 अंकों की SE ID
स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की एक SE ID प्राप्त होगी। घर-घर सर्वेक्षण के दौरान प्रगणक के पहुंचने पर नागरिकों को यह आईडी दिखाकर अपने दर्ज विवरण का सत्यापन कराना होगा। इससे नागरिकों और प्रशासन दोनों के समय की बचत होगी तथा जनगणना के आंकड़ों की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक मंडलों और जागरूक युवाओं से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उनसे अपने आसपास के लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने और निर्धारित समयसीमा से पहले प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है, ताकि वाराणसी राष्ट्रीय जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा सके।