मेडिकल के लिए ले जाते समय पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दाहिने पैर में लगी गोली
वाराणसी। बीएचयू परिसर में महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपित ऑटो चालक को लंका पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बुधवार, 17 नवंबर की देर रात मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय आरोपित ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर उसकी सरकारी 9 एमएम पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान मैनुद्दीन (32) पुत्र औरुद्दीन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल का निवासी है और वर्तमान में मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर में रह रहा था।
महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को एक महिला ने थाना लंका पहुंचकर ऑटो चालक मैनुद्दीन के खिलाफ अश्लील हरकत करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा संख्या 0583/2026 के तहत बीएनएस की धारा 75(2) में प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया था।
पेशाब का बहाना बनाकर रुकवाई गाड़ी, फिर छीनी पिस्टल
17 नवंबर को बीएचयू चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी पुलिस टीम के साथ आरोपित को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी दुर्गाकुंड ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपित अत्यधिक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। पुलिस टीम निजी वाहन और सरकारी फैंटम वाहन से रवाना हुई थी। रास्ते में रविंद्रपुरी अस्सी नाले से कुछ दूरी पहले आरोपित ने पेशाब करने के बहाने वाहन रुकवाया।
वाहन रुकते ही उसने हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार को धक्का देकर उनकी सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पिस्टल और छह कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से छीनी गई सरकारी 9 एमएम पिस्टल, दो खोखा कारतूस और मैगजीन में लगे चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ के बाद उसके खिलाफ लंका थाने में मुकदमा संख्या 0584/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 304(2), 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 7(b)/27(2) में भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी, उपनिरीक्षक नवीन चतुर्वेदी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल अच्छेलाल, कांस्टेबल रवि यादव और कांस्टेबल रामसुरेश शामिल रहे।