इटावा का रहने वाला 20 वर्षीय रोहित शर्मा मुर्दी-गाडर मार्ग के मोड़ से पकड़ा गया, नाबालिग बालिका से जुड़े मामले में थी तलाश
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन की सिंधोरा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार, 18 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम मुर्दी से ग्राम गाडर जाने वाले मार्ग के मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान रोहित शर्मा (20) पुत्र राजेश शर्मा, निवासी ग्राम बर्रा, थाना वैदपुरा, जनपद इटावा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सिंधोरा में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान रोहित शर्मा का नाम प्रकाश में आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
बुधवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 0192/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और हेड कांस्टेबल रोशन त्रिपाठी शामिल रहे।