MENU

छठ पर्व को लेकर नगर निगम अलर्ट, नगर आयुक्त ने घाटों की सफाई व्यवस्था का लिया जायजा



 16/Nov/26

जलभराव और गंदगी पर जताई नाराजगी, पर्व के समापन तक नियमित निगरानी के निर्देश

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने घाटों पर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने अधिकारियों के साथ नमो घाट, राजघाट और भैंसासुर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और जलभराव एवं गंदगी की स्थिति पर नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी घाटों पर नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी कूड़ा-करकट, गंदगी या जलभराव नहीं होना चाहिए। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने और लगातार सफाई अभियान चलाने को कहा।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि घाटों पर एकत्रित कूड़े का तत्काल उठान कर उसका समुचित निस्तारण कराया जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के समापन तक सभी घाटों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें।

उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र, जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता कमल सिंह सहित संबंधित जोनल स्वच्छता अधिकारी और अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8905


सबरंग