MENU

बाल दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित



 16/Nov/26

प्रकाशध्यानानन्द बोले- खेलकूद से बच्चों में विकसित होती है प्रतिस्पर्धा, अनुशासन एवं सामूहिकता की भावना

वाराणसी। बाल दिवस के अवसर पर स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, बनपुरवा, रमना के परिसर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा सात तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय चाचा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए बच्चों के प्रति उनके स्नेह और राष्ट्र निर्माण में बाल शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

कबड्डी, खो-खो और दौड़ सहित कई प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह

आयोजित प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद, बैडमिंटन सहित कई मनोरंजक एवं शारीरिक दक्षता से जुड़े खेल शामिल रहे। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक सभी ने अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में बच्चों का उत्साह, आपसी सहयोग और जीतने का जज्बा देखते ही बन रहा था। दौड़ की तेज गति से लेकर कबड्डी एवं खो-खो के रोमांचक मुकाबलों तक पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।

प्रतियोगिताओं के समापन पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं विजयी विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहपूर्ण प्रयासों के लिए प्रोत्साहित किया गया।

खेलकूद से बच्चों का होता है सर्वांगीण विकास : प्रकाशध्यानानन्द

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रकाशध्यानानन्द ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, सृजनशीलता, आत्मविश्वास और उनकी अंतर्निहित क्षमताओं को पहचानकर उन्हें उचित दिशा देने का भी दिन है। शिक्षा के साथ खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। खेल गतिविधियों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, परस्पर सहयोग, धैर्य और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं एवं उत्साहवर्धन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में स्वागत प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार चौबे ने किया। धन्यवाद ज्ञापन छात्रावास अधीक्षक ले. एम.एस. यादव (सेवानिवृत्त) ने किया तथा संचालन नम्रता सिंह ने किया।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8000


सबरंग