वाराणसी। छठ महापर्व पर गंगा घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भू देवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से अस्सी घाट पर विशेष चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा 15 और 16 नवंबर 2026 को उपलब्ध रहेगी। ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य अर्घ्य देने के लिए आने वाली माताओं, बहनों और अन्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
ट्रस्ट की अध्यक्ष देवश्री ने बताया कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष गंगा घाट पहुंचकर भगवान सूर्य को संध्याकालीन एवं प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस दौरान महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, निजता और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है।
इसके तहत महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण के साथ स्वयंसेवकों की तैनाती भी की जाएगी।
दो दिनों तक निर्धारित समय पर मिलेगी सुविधा
ट्रस्ट की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर को संध्याकालीन अर्घ्य के दौरान शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक तथा 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक चेंजिंग रूम की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इस सेवा कार्य में ट्रस्ट की सचिव अर्चना पांडे के साथ कौस्तव भट्टाचार्य, जितेंद्र तलरेजा, श्याम शुक्ला, राजश्री श्रीवास्तव, काजल चंदानी और लविश चंदानी सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं सहयोगी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ट्रस्ट की अध्यक्ष देवश्री ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। ट्रस्ट का प्रयास है कि गंगा घाट पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना ही ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य है।
ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालुओं से व्यवस्था का लाभ उठाने और घाटों पर स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।