MENU

छठ और लोटा-भंटा मेले को लेकर पुलिस अलर्ट, रामेश्वर मंदिर और वरुणा घाटों का अपर पुलिस उपायुक्त ने किया निरीक्षण



 15/Nov/26

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, गोताखोरों और पुलिस बल की होगी तैनाती, 29 नवंबर को लगने वाले मेले में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

वाराणसी। छठ महापर्व और आगामी लोटा-भंटा मेले को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 14 नवंबर को अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र सिंह ने थाना जंसा क्षेत्र के रामेश्वर मंदिर और वरुणा नदी के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान घाटों एवं मेला स्थल पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। संबंधित थाना प्रभारियों को स्थानीय प्रशासन एवं अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, पर्याप्त रोशनी और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

छठ घाटों पर सुरक्षा के लिए तैनात होंगे गोताखोर और पुलिसकर्मी

15 नवंबर को छठ महापर्व के मद्देनजर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गोताखोरों और वालंटियर्स की तैनाती, वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था तथा पर्याप्त पुलिस बल लगाने को कहा गया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

लोटा-भंटा मेले में भीड़ नियंत्रण और यातायात पर विशेष नजर

29 नवंबर को आयोजित होने वाले लोटा-भंटा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला स्थल और आसपास के मार्गों की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। थाना जंसा के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ से प्रभावित होने वाले थाना बड़ागांव क्षेत्र में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने, यातायात डायवर्जन लागू करने और मार्ग निर्देशन के लिए संकेतक लगवाने को कहा गया। साथ ही मेला क्षेत्र एवं आसपास के रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण से जुड़े सभी इंतजाम समय से पूरे कराने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के घाटों और संभावित छठ पूजा स्थलों पर सतर्कता बरतने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि छठ महापर्व और लोटा-भंटा मेला शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2930


सबरंग