MENU

आशापुर में सीवर और सड़क निर्माण का काम ठप मिलने पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल नाराज, एक्सईएन और ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश



 15/Nov/26

समीक्षा बैठक में काम प्रगति पर होने का किया गया था दावा, जिलाधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे मंत्री तो सामने आई दूसरी तस्वीर

 वाराणसी में विकास कार्यों की प्रगति को लेकर अधिकारियों के दावों और मौके की स्थिति में अंतर मिलने पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नाराजगी जताई। शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ आशापुर और अकथा वार्ड स्थित रुद्रा हाइट्स पहुंचकर सीवर एवं सड़क निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। मौके पर काम में देरी और निर्माण कार्य बंद मिलने पर मंत्री ने आवास विकास विभाग के एक्सईएन राम प्रताप और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में एक करोड़ रुपये से अधिक के कार्य की बताई गई प्रगति

शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में आवास विकास विभाग के एक्सईएन राम प्रताप ने आशापुर में एक करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृत धनराशि से कराए जा रहे सीवर और सड़क निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक बताई। उन्होंने मौके पर तेजी से काम चलने की जानकारी दी।

स्थानीय लोगों से फोन पर बात कर मंत्री ने जानी हकीकत

अधिकारी के दावे पर संदेह होने पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने आशापुर के स्थानीय निवासियों से फोन पर बातचीत की। लोगों ने उन्हें बताया कि क्षेत्र में सीवर और सड़क निर्माण का कार्य नहीं कराया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे मंत्री

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के बाद मंत्री ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को साथ लेकर अकथा वार्ड स्थित रुद्रा हाइट्स का निरीक्षण किया। मौके पर सीवर और सड़क निर्माण कार्य में देरी सामने आने पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। समीक्षा बैठक में कार्य प्रगति पर होने की दी गई जानकारी और मौके की स्थिति में अंतर मिलने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई।

एक्सईएन और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में लापरवाही, देरी और समीक्षा बैठक में गलत जानकारी देने के मामले में जिम्मेदार एक्सईएन राम प्रताप तथा संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही और जनता को होने वाली परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5683


सबरंग