MENU

विश्व डायबिटीज दिवस पर एपेक्स में जागरूकता कार्यक्रम, 689 लोगों की हुई निःशुल्क ब्लड शुगर जांच



 15/Nov/26

*मधुमेह से हृदय, किडनी, मस्तिष्क और आंखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति विशेषज्ञों ने किया जागरूक, बचाव एवं उपचार की दी जानकारी**

 

**वाराणसी।** विश्व डायबिटीज दिवस के अवसर पर एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं पीजीआई में मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निःशुल्क ब्लड शुगर जांच एवं विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एपेक्स ग्रुप के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में 689 लोगों ने निःशुल्क ब्लड शुगर जांच का लाभ उठाया।

 

इस वर्ष की थीम **“Early Action on Diabetes”** के तहत एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं पीजीआई, एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग तथा एपेक्स एलाइड हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य मधुमेह की समय पर पहचान, रोकथाम और प्रभावी उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

 

जागरूकता सत्र का शुभारंभ मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग फैकल्टी प्रो. शरथ चंद्रन ने विश्व डायबिटीज दिवस की थीम प्रस्तुत करते हुए किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने मधुमेह से हृदय, किडनी, मस्तिष्क एवं आंखों पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

 

विशेषज्ञ व्याख्यान के दौरान मधुमेह विशेषज्ञ एवं फिजीशियन डॉ. रोहित सिंह ने मोटापा और तनाव को मधुमेह के प्रमुख जोखिम कारकों के रूप में बताते हुए इससे जुड़ी नवीनतम जानकारियां साझा कीं। वहीं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अकदस मुमताज़ ने मधुमेह और हृदय रोगों के बीच संबंध तथा हृदय संबंधी जटिलताओं से बचाव के उपाय बताए।

 

नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित ने मधुमेह के कारण किडनी पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों, नियमित जांच और किडनी को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। डायटीशियन अन्वेशा मजूमदार ने मधुमेह की रोकथाम एवं नियंत्रण में संतुलित पोषण और उचित खानपान की भूमिका समझाई।

 

वहीं एलाइड हेल्थकेयर फैकल्टी आयुषी सिंह ने मधुमेह से पीड़ित मरीजों की सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया संबंधी विशेष सावधानियों, ब्लड शुगर मॉनिटरिंग और क्रिटिकल केयर आईसीयू प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत अस्पताल के विभिन्न ओपीडी प्रतीक्षा क्षेत्रों में मरीजों, तीमारदारों, वरिष्ठ नागरिकों, पारिवारिक देखभालकर्ताओं, नर्सिंग एवं हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स सहित आमजन के लिए निःशुल्क ब्लड शुगर जांच अभियान चलाया गया। इसमें कुल 689 लोगों ने अपनी रक्त शर्करा की जांच कराई।

 

विशेषज्ञों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार अपनाने, शारीरिक गतिविधियां बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली के माध्यम से मधुमेह से बचाव एवं उसके प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रेरित किया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4440


सबरंग