MENU

सनबीम सनसिटी में पांच दिवसीय गुड स्कूल्स एलायंस रिट्रीट 2026 का शुभारंभ



 14/Nov/26

देशभर के 16 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 117 विद्यार्थी और शिक्षाविद् ले रहे हिस्सा, पांच दिनों तक साझा होंगे शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व के अनुभव

वाराणसी। सनबीम समूह के अंतर्गत संचालित निःशुल्क विद्यालय सनबीम ग्रामीण स्कूल की ओर से शुक्रवार को सनबीम सनसिटी के रेजोनेंस ऑडिटोरियम में पांच दिवसीय गुड स्कूल्स एलायंस रिट्रीट 2026 का शुभारंभ हुआ। 12 से 16 नवंबर तक आयोजित इस शैक्षिक आयोजन में देशभर के 16 प्रतिष्ठित विद्यालयों और सनबीम स्कूल के कुल 117 विद्यार्थी एवं शिक्षाविद् हिस्सा ले रहे हैं। रिट्रीट की थीम 'सीखने, साझा करने और साथ मिलकर आगे बढ़ने' पर आधारित है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सनबीम सनसिटी के विद्यार्थियों की मनमोहक वाद्यवृंद प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद सनबीम ग्रामीण स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर समारोह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। आयोजन का प्रमुख आकर्षण फ्लैग बेयरिंग मार्च रहा, जिसमें सभी सहभागी विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संस्थान का ध्वज लेकर मंच पर मार्च किया। इस प्रस्तुति ने एकता, संस्थागत गौरव और आपसी सहयोग की भावना को प्रदर्शित किया।

समारोह में ज्ञानश्री स्कूल, नोएडा की पूर्व निदेशक स्टाफ ट्रेनिंग बृन्दा घोष, शुभाशीष घोष, लर्निंग फॉरवर्ड इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक संदीप दत्त और कुणाल पुरोहित सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं पाठ्यक्रम डिजाइनर उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासा, करुणा और साहस के साथ सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने साझा अनुभवों और आत्ममंथन को बेहतर विद्यालयों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।

सनबीम समूह की सहायक निदेशिका प्रतिमा गुप्ता ने प्रतिभागियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह रिट्रीट सीखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का सशक्त मंच है। वहीं, निदेशिका अमृता बर्मन ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नई दृष्टियों का अन्वेषण करने, सहयोग की भावना विकसित करने और सहानुभूति को जीवन का महत्वपूर्ण कौशल बनाने की प्रेरणा दी।

सनबीम समूह के चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक, वाइस चेयरपर्सन भारती मधोक और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हर्ष मधोक ने भी विद्यार्थियों को इस पांच दिवसीय आयोजन को आत्मविकास, नए अनुभवों और सामूहिक प्रगति के अवसर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

आयोजकों के अनुसार, गुड स्कूल्स एलायंस रिट्रीट 2026 केवल एक शैक्षिक आयोजन नहीं, बल्कि विचारों, मूल्यों और नवाचार के आदान-प्रदान का मंच है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से वंचित वर्गों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग एवं सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षाविदों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने तथा बेहतर शैक्षिक वातावरण विकसित करने का अवसर मिलेगा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6422


सबरंग