वाराणसी। एशियाई खेल-2026 की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश और बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का गौरव बढ़ाने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं बरेका कर्मी रोहित यादव का शुक्रवार को बरेका आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनकी उपलब्धि पर बरेका परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
रोहित यादव के बरेका पहुंचने पर मुख्य प्रवेश द्वार पर अधिकारियों, कर्मचारियों, खेलकूद संघ के पदाधिकारियों, कर्मचारी परिषद के सदस्यों, खेल अकादमियों के प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्य प्रवेश द्वार से सिनेमा हॉल होते हुए प्रशासन भवन तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई। पूरे रास्ते लोगों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने रोहित यादव को माला पहनाकर, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि रोहित ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता ने बरेका को भी अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं बरेका खेलकूद संघ के अध्यक्ष मनीष कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव अनुराग कुमार गुप्ता, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर राजेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक क्रीड़ा अधिकारी धनंजय कुमार सिंह और एथलीट कोच रानी यादव सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव, सदस्य नवीन कुमार सिन्हा, सुशील कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह, श्रीकांत यादव, धर्मेंद्र कुमार सिंह और संतोष कुमार यादव सहित विभिन्न खेल अकादमियों के प्रशिक्षक, खिलाड़ी, कर्मचारी एवं स्थानीय खेलप्रेमियों ने भी रोहित यादव का अभिनंदन किया।
बरेका परिवार ने कहा कि रोहित यादव की उपलब्धि संस्थान की समृद्ध खेल परंपरा, बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उनकी सफलता से बरेका के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।