MENU

फरवरी में सजेगी काशी की सबसे भव्य पुष्प प्रदर्शनी, फूलों के माध्यम से दिखेगा काशी का महात्म्य



 14/Nov/26

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में होगा आयोजन, स्थानीय किसानों, बागवानों और पुष्प उत्पादकों को मिलेगा मंच

वाराणसी। काशी में मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन फरवरी 2027 के प्रथम पखवाड़े में किया जाएगा। इस बार प्रदर्शनी को अब तक का सबसे भव्य और आकर्षक आयोजन बनाने की तैयारी है। इसके लिए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान को प्रस्तावित किया गया है। करीब 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में फूलों और विभिन्न आकर्षक थीमों के माध्यम से काशी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महात्म्य को प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय किसानों, बागवानों और पुष्प उत्पादकों को अपनी उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन प्रजातियों और उत्कृष्ट उत्पादों को प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलना चाहिए।

मंडलायुक्त ने उद्यान विभाग को निर्देश दिया कि प्रदर्शनी में अधिक से अधिक स्थानीय किसानों, कृषकों, स्वयं सहायता समूहों, नर्सरी संचालकों और पुष्प उत्पादकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनी में शाकभाजी, फल, फूल, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल भी स्थापित किए जाएंगे।

काशी की संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान दिखेगी फूलों में

इस बार पुष्प प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण काशी के महात्म्य पर आधारित विभिन्न थीम होंगी। इनके माध्यम से काशी की धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को फूलों की सजावट एवं कलात्मक संरचनाओं के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन को प्रदेश के सबसे बड़े और आकर्षक पुष्प आयोजनों में शामिल करने की तैयारी की जा रही है।

प्रतियोगिताएं और पुरस्कार भी होंगे आकर्षण

प्रदर्शनी में उत्कृष्ट उत्पादों और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, पार्किंग और प्रचार-प्रसार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि प्रदर्शनी में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3843


सबरंग