वाराणसी। छठ महापर्व पर गंगा घाटों, तालाबों, सरोवरों और अन्य जलाशयों में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान डूबने, फिसलन, भगदड़, नाव दुर्घटना, विद्युत हादसे और आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करने की अपील की है। प्रतिबंधित, असुरक्षित और अधिक गहराई वाले स्थानों पर जाने से बचने के साथ नदी में उतरते समय जल की गहराई, बहाव और जलस्तर का ध्यान रखने को कहा गया है। घाटों पर की गई बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतों और पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। अभिभावकों से कहा गया है कि वे बच्चों को घाटों पर अकेला न छोड़ें और भीड़ में उनका हाथ पकड़कर रखें। सीढ़ियों और फिसलन वाले स्थानों पर सावधानी से चलें तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में धक्का-मुक्की और दौड़ने से बचें।
नाव से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को केवल अधिकृत नावों का उपयोग करने और सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। नाव की निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने, किनारों पर खड़े होकर यात्रा करने और नाव में अनावश्यक हलचल करने से बचने को कहा गया है। घाटों पर खुले बिजली के तारों, विद्युत पोल और अस्थायी कनेक्शन से भी दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से घाटों पर पटाखे और आतिशबाजी नहीं करने, नशे की अवस्था में जलाशयों के पास नहीं जाने तथा नदी में प्लास्टिक, पॉलीथिन और पूजा सामग्री नहीं फेंकने की अपील की है। किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट सूचना पर विश्वास नहीं करने और उसे आगे प्रसारित करने से भी बचने को कहा गया है।
आयोजकों और नाविकों को भी दिए सुरक्षा निर्देश
घाटों पर पूजा आयोजन कराने वाले आयोजकों और नाविकों से प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। नाविकों को निर्धारित क्षेत्र में ही नाव संचालन करने, क्षमता से अधिक यात्रियों को नहीं बैठाने और लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, आयोजकों को अस्थायी विद्युत व्यवस्था सुरक्षित रखने, खुले तारों को तत्काल ठीक कराने और आवागमन एवं निकास के रास्ते बाधामुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आपात स्थिति में 1077 पर करें संपर्क
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के डूबने, आगजनी, विद्युत दुर्घटना या भगदड़ जैसी स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल मौके पर मौजूद पुलिस, जल पुलिस अथवा प्रशिक्षित बचाव दल को सूचना दें। जल दुर्घटना के दौरान स्वयं पानी में उतरकर बचाव का प्रयास न करें, बल्कि प्रशिक्षित बचाव दल की मदद लें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, वाराणसी के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों, श्रद्धालुओं, आयोजकों और नाविकों से छठ महापर्व को श्रद्धा, उल्लास, स्वच्छता और अनुशासन के साथ मनाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि प्रत्येक नागरिक की सतर्कता और सहयोग से पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।
संदेश: आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है। सुरक्षित छठ, सुरक्षित वाराणसी।