सनबीम सनसिटी स्कूल एंड हॉस्टल में गुरुवार को एलुमनाई रीयूनियन ‘सेतु 2026- द ब्रिज एक्रॉस टाइम्स’ का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में विद्यालय के विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थी एक मंच पर जुटे और अपने विद्यालयी जीवन की पुरानी यादों को साझा किया। आयोजन का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों को विद्यालय से दोबारा जोड़ना और वर्षों पुराने रिश्तों एवं आत्मीयता को फिर से जीवंत करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं पूर्व विद्यार्थियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों की संगीतमय प्रस्तुति ‘सुर तरंग’ ने वातावरण को मधुर बना दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना सिंह ने सनबीम सनसिटी की उपलब्धियों, विकास और गौरवशाली यात्रा की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘रिवाइंड एंड फॉरवर्ड’ रहा। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न वर्षों के लोकप्रिय गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यालय के अलग-अलग बैचों की यादों को मंच पर जीवंत किया। शिक्षकों और पूर्व विद्यार्थियों के भावनात्मक अनुभवों ने समारोह को और खास बना दिया।
इस दौरान कैरल हेनरिक, अंकु सिंह और रूमीत भटनागर ने शिक्षक के रूप में अपने अनुभव साझा किए। वहीं, रजत राज सिंह, मुस्कान और नैन्सी सहित पूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़ी यादों और अपने अनुभवों को साझा किया।
सनबीम समूह के कार्यकारी निदेशक हर्ष मधोक ने अपने संबोधन में सभी पूर्व विद्यार्थियों का स्वागत किया। इस अवसर पर ‘सनबीम देन एंड नाउ’ वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से विद्यालय के पुराने स्वरूप से लेकर वर्तमान विकास तक की यात्रा दिखाई गई।
कार्यक्रम में ‘वार्तालाप- बात करने से बात बनती है’ शीर्षक से एलुमनाई पैनल चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें पूर्व विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने विचार और अनुभव साझा किए।
समारोह में सनबीम समूह की सहायक निदेशिका प्रतिमा गुप्ता, सीओओ आशीष राय, चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक और वाइस चेयरपर्सन भारती मधोक उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में पूर्व विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और सनबीम परिवार के साथ उनके निरंतर जुड़ाव को रेखांकित किया।
समारोह के दौरान ‘द गोल्डेन रिवाइंड’ के अंतर्गत शिक्षकों ने विशेष संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसने पुरानी यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया। इसके बाद सभी पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने एक साथ सनबीम एंथम गाकर विद्यालय के प्रति अपने गौरव और जुड़ाव को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटोग्राफी के साथ हुआ। इसके बाद एलुमनाई सदस्यों के लिए स्प्लैश में लाइव म्यूजिक, ओल्ड जनरेशन म्यूजिक, लाइव बैंड और नेटवर्किंग डिनर का आयोजन किया गया।
‘सेतु 2026’ ने विभिन्न पीढ़ियों के सनबीमियन्स को एक मंच पर जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि समय के साथ जीवन की राहें भले बदल जाएं, लेकिन विद्यालय से जुड़ी यादें और रिश्ते हमेशा कायम रहते हैं।