वाराणसी। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत वाराणसी में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। जिला प्रशासन वाराणसी ने जनपदवासियों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
जिला प्रशासन के अनुसार, स्व-गणना की सुविधा का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बनाना है। इसके लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर दिया जा रहा है।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां उत्तर प्रदेश राज्य का चयन कर अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी। इसके बाद मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा।
यदि मोबाइल नंबर जनगणना के प्रथम चरण (HLO) में दिए गए नंबर से मेल खाता है, तो प्रश्नावली सीधे खुल जाएगी। अन्यथा मानचित्र के माध्यम से जनपद वाराणसी, उप-जिला, गांव या नगर और निकटवर्ती पहचान चिह्न का चयन कर निवास स्थान की पुष्टि करनी होगी।
इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित प्रश्न संख्या 1 से 6 और डैशबोर्ड पर उपलब्ध प्रश्न संख्या 7 से 40 तक की जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी।
परिवार की सभी जानकारियां भरने के बाद 'परिवार की समीक्षा करें' विकल्प पर क्लिक कर दर्ज विवरण की जांच करनी होगी। जिला प्रशासन ने विशेष रूप से ध्यान दिलाया है कि अंतिम रूप से सबमिट करने के बाद विवरण में संशोधन संभव नहीं होगा। इसलिए सभी जानकारियों की पुष्टि करने के बाद ही 'परिवार का विवरण प्रस्तुत करें' विकल्प पर क्लिक करें।
स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी होने पर नागरिकों को 'P' अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ साझा करना आवश्यक है।
जनगणना प्रगणक के घर-घर भ्रमण के दौरान नागरिकों को अपनी SE ID उपलब्ध करानी होगी। प्रगणक अपने मोबाइल एप्लीकेशन में इस आईडी का मिलान कर स्व-गणना के माध्यम से दर्ज जानकारी का सत्यापन और स्वीकार करेगा। यदि किसी कारणवश SE ID का मिलान नहीं हो पाता है, तो प्रगणक परिवार की जानकारी दोबारा संकलित करेगा।
जिला प्रशासन वाराणसी ने काशीवासियों से अपील की है कि वे 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच स्व-गणना की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करें। प्रशासन के अनुसार, जनगणना केवल एक ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की प्रत्यक्ष सहभागिता का महत्वपूर्ण अवसर है। सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर नागरिक इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में योगदान दे सकते हैं।
जिला प्रशासन का संदेश है— "सही जानकारी, समय पर भागीदारी — जनगणना में हर परिवार की जिम्मेदारी।"