MENU

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में चौथा स्थान



 12/Nov/26

50 में से 25 प्रमुख प्रदर्शन सूचकांकों (KPI) में प्रदेश में पहला स्थान, आठ में टॉप-5 में बनाई जगह

वाराणसी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की रैंकिंग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। 50 प्रमुख प्रदर्शन सूचकांकों (Key Performance Index-KPI) पर आधारित इस रैंकिंग में वाराणसी पुलिस ने 25 KPI में प्रदेश में प्रथम तथा आठ KPI में टॉप-5 में स्थान प्राप्त किया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयासों से कमिश्नरेट ने यह उपलब्धि हासिल की है।

पुलिस कमिश्नरेट के प्रदर्शन में अपराध नियंत्रण, विवेचना निस्तारण, महिला एवं बाल सुरक्षा, नागरिक सेवाओं और आपातकालीन पुलिस सहायता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

अपराध नियंत्रण और कार्रवाई में प्रदेश में पहला स्थान

महिला अपराध से जुड़े दहेज मृत्यु, शीलभंग, एससी-एसटी एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा अधिनियम के मामलों में विवेचना एवं अभियुक्तों के विरुद्ध शत-प्रतिशत प्रभावी कार्रवाई की गई। इसके परिणामस्वरूप इन श्रेणियों में वाराणसी पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बलात्कार, हत्या, अपहरण और गिरोहबंद अधिनियम से संबंधित मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई कर बेहतर प्रदर्शन किया गया।

विवेचना निस्तारण में भी बेहतर प्रदर्शन

गैंगस्टर एक्ट के तहत लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई में 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया गया। जघन्य अपराधों की विवेचनाओं के निस्तारण का प्रतिशत 97.10 रहा, जबकि वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई 96.45 प्रतिशत दर्ज की गई। इस आधार पर विवेचना निस्तारण में आठवां और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई में चौथा स्थान मिला।

तीन माह से अधिक लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में अव्वल

कमिश्नरेट के काशी, वरुणा और गोमती जोन में तीन माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में भी वाराणसी पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है।

महिला और बाल सुरक्षा पर विशेष जोर

महिला अपराधों के साथ पॉक्सो एक्ट के मामलों में अभियुक्तों के विरुद्ध 100 प्रतिशत प्रभावी कार्रवाई की गई। पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई के मामले में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट को प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ।

डायल-112 पर 4.53 मिनट में औसत रिस्पांस

आपातकालीन पुलिस सहायता के क्षेत्र में भी वाराणसी पुलिस का प्रदर्शन बेहतर रहा। अक्टूबर माह में डायल-112 की पीआरवी का औसत रिस्पांस टाइम 4.53 मिनट दर्ज किया गया। इस दौरान 21,080 मामलों में 10 मिनट के भीतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराई गई। इस KPI में कमिश्नरेट ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

नागरिक सेवाओं और अग्नि सुरक्षा में 100 प्रतिशत कार्रवाई

कर्मचारी सत्यापन, घरेलू सहायकों का सत्यापन, किरायेदार सत्यापन, सीसीटीएनएस शिकायतों, कार्यक्रम एवं जुलूस की अनुमति तथा विरोध-प्रदर्शन और हड़ताल से संबंधित अनुरोधों पर शत-प्रतिशत कार्रवाई की गई। इसके चलते नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में प्रदेश में पहला स्थान मिला। अग्नि सुरक्षा के अंतर्गत अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी करने और अग्नि सुरक्षा आकलन से संबंधित कार्यवाही भी शत-प्रतिशत पूरी की गई।

अंतिम दस से निकलकर लगातार टॉप-10 में बनी जगह

पुलिस कमिश्नरेट की इस उपलब्धि को पिछले वर्षों के प्रदर्शन में आए निरंतर सुधार के रूप में देखा जा रहा है। वर्ष 2023 और 2024 में प्रदेश के अंतिम दस स्थानों में रहने वाली वाराणसी पुलिस की रैंकिंग अब लगातार टॉप-10 में बनी हुई है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की साप्ताहिक समीक्षा, नियमित मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की व्यवस्था से प्रदर्शन में सुधार हुआ है।

पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आगे भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6363


सबरंग