मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वाराणसी में आगामी गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और आयोजन की भव्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का पर्व है। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, रेतीले तटों और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने आयोजन का उल्लास ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
नमो घाट पर आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। वहीं, देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की भव्य महाआरती, चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इन सभी आयोजनों में आमजन की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने नाविकों को सुरक्षा एवं नावों के सुव्यवस्थित संचालन का प्रशिक्षण देने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपकों को दीपोत्सव में शामिल करने के निर्देश भी दिए।
लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), खोया-पाया केंद्र और पर्यटक पुलिस तैनात की जाएगी। गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा।
शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और जाम से बचाव के लिए सात डायवर्जन प्वाइंट तथा 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, सुगम एवं यादगार अनुभव मिलना चाहिए।