वाराणसी। दीपावली की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली उपहार वितरित किए गए। इस पहल के तहत वाराणसी के कंदवा और प्रधानमंत्री कार्यालय के समीप स्थित सोनकर बस्ती में बच्चों को दीपक, पटाखे और मिठाइयां बांटी गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी राजकुमार सिंह और प्रदीप मोदनमल ने बच्चों को दीपावली की सामग्री वितरित की। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी त्योहार की खुशियों से जोड़ना और उनके जीवन में उल्लास के रंग भरना रहा।
इस अवसर पर बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए सामाजिक सहभागिता, आपसी प्रेम और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया गया। फाउंडेशन की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर भी मुस्कान लाई जाए।
कार्यक्रम में हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य एवं समाजसेवी राहुल राय, बबलू बिन्द, ओंकार नाथ, देवेंद्र सिंह, हिमांशु त्रिपाठी और वैभव श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।