उत्तर प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने बुधवार को वाराणसी स्थित मां काली मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मां काली के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना की।
मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि दर्शन-पूजन के दौरान डॉ. दयाशंकर मिश्र ने मां काली से प्रदेश में अमन-चैन और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर आयुष मंत्री ने कहा कि मां काली शक्ति और न्याय की प्रतीक हैं। उनके आशीर्वाद से अधर्म का नाश और धर्म की स्थापना होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सनातन संस्कृति के संरक्षण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मां काली से प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर समिति के सदस्यों ने आयुष मंत्री का स्वागत किया।