वाराणसी। स्वच्छता और गंगा संरक्षण के क्षेत्र में वाराणसी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत 'बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन' श्रेणी में वाराणसी नगर निगम को देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा भी मौजूद रहे।
देशभर के नदी किनारे बसे शहरों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में वाराणसी ने घाटों की स्वच्छता, सीवरेज प्रबंधन, नदी के जल की गुणवत्ता और ठोस अपशिष्ट निस्तारण जैसी व्यवस्थाओं के आधार पर तीसरा स्थान हासिल किया। वर्ष 2020 से अब तक आयोजित छह सर्वेक्षणों में काशी लगातार शीर्ष शहरों में अपनी जगह बनाती रही है। इस बार भी नगर निगम ने अपनी उपलब्धि का सिलसिला बरकरार रखा।
नदी संरक्षण और स्वच्छता के मानकों पर हुआ मूल्यांकन
बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में चयन के लिए सामान्य स्वच्छता सर्वेक्षण से अलग कई महत्वपूर्ण मानकों पर शहरों का मूल्यांकन किया जाता है। इसमें सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), नालों की टैपिंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और नदी किनारे सफाई से संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ स्थलीय निरीक्षण भी शामिल होता है। इसके अलावा स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से घाटों की स्वच्छता एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया जाता है।
नदी के पानी की गुणवत्ता भी मूल्यांकन का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। इसके तहत विभिन्न स्थानों से पानी के नमूने लेकर घुलनशील ऑक्सीजन (डीओ), बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीडीओ), फीकल कोलीफॉर्म और पीएच स्तर की जांच की जाती है।
घाटों की सफाई से नालों की टैपिंग तक बनी मजबूत व्यवस्था
वाराणसी में अस्सी से नमो घाट तक 84 से अधिक घाटों की सफाई के लिए तीन शिफ्टों में व्यवस्था संचालित की जाती है। गंगा में गिरने वाले नालों के पानी को एसटीपी तक पहुंचाने के लिए टैपिंग की व्यवस्था की गई है। नदी में तैरने वाले फूल-माला, प्लास्टिक और अन्य कचरे को निकालने के लिए ट्रैश स्कीमर मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है।
इसके साथ ही घाटों पर एकत्र होने वाली पूजन सामग्री को अलग-अलग संकलित कर उससे खाद और अगरबत्ती बनाने की पहल भी की जा रही है। इन व्यवस्थाओं ने नदी और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नगर निगम मुख्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न
वाराणसी को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान मिलने की खबर से नगर निगम मुख्यालय में उत्साह का माहौल रहा। सिगरा स्थित निगम मुख्यालय के सभागार में पुरस्कार समारोह के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को पुरस्कार प्रदान किया, सभागार तालियों और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास सहित पार्षद, निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुरस्कार मिलने की खुशी में मुख्यालय परिसर में ढोल-नगाड़े बजाए गए। सफाई मित्रों और कर्मचारियों ने नृत्य कर खुशी जाहिर की तथा एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जश्न मनाया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सफाई कर्मियों को इस उपलब्धि का प्रमुख सहभागी बताते हुए उन्हें बधाई दी।
सफाई मित्रों और नागरिकों को दिया उपलब्धि का श्रेय
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि बेस्ट रिवर टाउन सर्वेक्षण में काशी का देश के शीर्ष तीन शहरों में शामिल होना प्रत्येक बनारसी के लिए गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का परिणाम है। इसका श्रेय दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को जाता है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। देशभर के नदी किनारे बसे शहरों के बीच तीसरा स्थान हासिल करना नगर निगम की टीम की मेहनत और आधुनिक स्वच्छता प्रबंधन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीक और जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।