MENU

पुलिस लाइन में आयोजित हुई ‘घर सजाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता, विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार



 11/Nov/26

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की पहल पर दीपावली के अवसर पर हुआ आयोजन, प्रेरणा अग्रवाल ने विजेताओं को फ्रिज, टीवी और ओवन देकर किया सम्मानित

दीपावली के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए ‘घर सजाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में पुलिस लाइन की विभिन्न कॉलोनियों में रहने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि प्रेरणा अग्रवाल ने आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए।

प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस परिवारों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही रचनात्मकता, सौंदर्यबोध और पारिवारिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। इसके तहत पुलिस लाइन के आवासीय परिसर में सड़क, बिजली, पानी, सफाई, प्रकाश और ड्रेनेज जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया। वहीं, पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को अपने आवासों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रतियोगिता में आवासों की साफ-सफाई, साज-सज्जा, हरियाली, रंगोली, पारिवारिक व्यवहार और शारीरिक फिटनेस को मूल्यांकन का आधार बनाया गया। प्रतिभागियों ने अपने घरों को आकर्षक ढंग से सजाकर स्वच्छता और रचनात्मकता का परिचय दिया।

महिला आरक्षी खुशबू सिंह को मिला प्रथम पुरस्कार

‘घर सजाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता में महिला आरक्षी खुशबू सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें फ्रिज देकर सम्मानित किया गया। आरक्षी सौरभ राय को द्वितीय पुरस्कार के रूप में टीवी और आरक्षी रितेश सिंह को तृतीय पुरस्कार के रूप में ओवन प्रदान किया गया। इसके अलावा सात अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रेशर कुकर दिए गए।

सांस्कृतिक और रंगोली प्रतियोगिता के विजेता भी सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिता में आर्या त्रिपाठी ने प्रथम, पीहू प्रितराज ने द्वितीय और श्रेया कुमारी एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में सौम्या कुमारी प्रथम, आस्था यादव द्वितीय और ज्योति सिंह एंड ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। सांस्कृतिक और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि प्रेरणा अग्रवाल ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के अंत में दीपावली के उपलक्ष्य में मनमोहक आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा पुलिस लाइन परिसर रोशनी और उल्लास से जगमगा उठा।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस परिवारों को स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और सामूहिक सहभागिता के लिए प्रेरित करना है, ताकि पुलिस लाइन का आवासीय परिसर स्वच्छ, सुंदर और सकारात्मक वातावरण वाला बन सके।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2782


सबरंग