MENU

हनुमान जयंती पर एपेक्स हॉस्पिटल में नई पैथोलॉजी लैब का उद्घाटन, स्वास्थ्यकर्मियों को किया सम्मानित



 11/Nov/26

विश्व कल्याण के लिए हुआ यज्ञ और सुंदरकांड पाठ, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने किया आधुनिक लैब का उद्घाटन

वाराणसी। हनुमान जयंती के अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल में विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ, पूजन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवीनतम तकनीकों से सुसज्जित नवनिर्मित पैथोलॉजी लैबोरेटरी का उद्घाटन भी किया गया। सूक्ष्म एवं लघु उद्योग राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने फीता काटकर नई पैथोलॉजी लैब का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

हनुमान जयंती के अवसर पर गायत्री परिवार के पंडित दिनेश आर्य, एमबी सिंह और आर्य समाज के विद्वानों ने हॉस्पिटल परिसर स्थित श्री देवाधिदेव मंदिर में भगवान हनुमान की विधिवत पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चारण के बीच विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ डॉ. एसके सिंह, डॉ. कृष्णा सिंह, डॉ. स्वरूप पटेल, डॉ. अंकिता पटेल, डॉ. अनूप पटेल, डॉ. क्रिसेल पटेल सहित परिवार के सदस्यों ने यज्ञ में आहुतियां दीं। इसके बाद सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित मुकेश और उनकी मंडली ने सुंदरकांड का पाठ किया, जिसमें हॉस्पिटल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने सहभागिता की।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पैथोलॉजी लैब का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान पैथोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. संदीप नौटियाल की उपस्थिति में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने नवनिर्मित पैथोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। इस लैब को नवीनतम तकनीकों और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। हॉस्पिटल प्रबंधन के अनुसार, इसके माध्यम से मरीजों को बेहतर जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मिला सम्मान

प्रसाद वितरण के बाद आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. अंकिता पटेल को चिकित्सीय शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, एनएबीएच हैंडबुक तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रिवीजन पुस्तकों के लेखन के लिए सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही हृदय रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, पेट एवं लीवर, यूरोलॉजी, गुर्दा रोग, बाल रोग और अस्थि रोग सहित विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया। वाराणसी और पूर्वांचल में किडनी ट्रांसप्लांट, ओपन हार्ट बाईपास सर्जरी, ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, आर्थ्रोस्कोपी, स्पाइन सर्जरी, लैप्रोस्कोपी, न्यूक्लियर मेडिसिन स्कैन और एंडोस्कोपी जैसी चिकित्सा सेवाओं में योगदान के लिए चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए।

सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. मोहित सक्सेना, डॉ. अकदस मुमताज, डॉ. अनुपमा सिंह, डॉ. शिशिरेन्दु परिहार, डॉ. अभिषेक वर्मा, डॉ. पुनीत कुमार केएम, डॉ. निवेदिता पंडित, डॉ. अभिषेक जायसवाल, डॉ. सुशांत सिंह, डॉ. स्वरूप पटेल, डॉ. अमित झा, डॉ. अमन वर्मा, डॉ. अनुराग दीक्षित और डॉ. अजय सिंह सूरज शामिल रहे।

सोशल वर्क टीम को भी किया गया सम्मानित

एपेक्स हॉस्पिटल की सोशल वर्क टीम के सदस्यों को गरीब मरीजों के उपचार के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार सरकार की मुख्यमंत्री राहत कोष योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में योगदान के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा क्लीनिकल असिस्टेंट, नर्सिंग स्टाफ, टेक्नोलॉजिस्ट, ग्राउंड ड्यूटी स्टाफ और ओटी टेक्नीशियन को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल के कंसल्टेंट्स, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6128


सबरंग