वाराणसी। दीपावली के बाद वाराणसी में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 के पार पहुंचने से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। दुर्गाकुंड में AQI 326, निराला नगर में 321 और मलदहिया में भी प्रदूषण का स्तर 300 से अधिक दर्ज किया गया। वहीं, शहर का औसत AQI 280 से 300 के आसपास बताया जा रहा है। हवा में PM 2.5, PM 10 जैसे सूक्ष्म कणों और कार्बन मोनोऑक्साइड की बढ़ती मात्रा सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वरिष्ठ श्वांस, छाती, एलर्जी एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके पाठक (ब्रेथ ईजी) ने शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी परामर्श जारी किया है। उन्होंने विशेष रूप से अस्थमा, सीओपीडी, ब्रोंकाइटिस और फेफड़ों की एलर्जी से पीड़ित मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
प्रदूषण से बढ़ सकता है सांस संबंधी बीमारियों का खतरा
डॉ. एसके पाठक के अनुसार, पटाखों का धुआं, मौसमी बदलाव और वातावरण में नमी मिलकर स्मॉग की स्थिति पैदा करते हैं। PM 2.5 के बेहद सूक्ष्म कण सांस के साथ फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं और स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। इसके कारण सांस फूलना, लगातार खांसी, सीने में जकड़न और घबराहट जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। अस्थमा और ब्रोंकाइटिस के मरीजों में बीमारी के लक्षण अचानक गंभीर होने का खतरा रहता है। वहीं, आम लोगों को भी आंखों में जलन, गले में खराश और सिरदर्द की शिकायत हो सकती है।
सुबह और शाम की सैर से बचने की सलाह
डॉ. पाठक ने बताया कि सुबह और देर शाम के समय प्रदूषण एवं धुंध का स्तर अधिक रहने की आशंका होती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को प्रदूषण का स्तर कम होने तक सुबह की सैर और खुले में भारी व्यायाम से बचना चाहिए। बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी गुणवत्ता वाले N95 या N99 मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए, जिससे हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक कणों के संपर्क को कम किया जा सके।
नियमित दवाएं और इनहेलर बंद न करें
अस्थमा और एलर्जी के मरीजों को अपनी नियमित दवाएं और प्रिवेंटिव इनहेलर डॉक्टर की सलाह के बिना बंद नहीं करने चाहिए। आपात स्थिति में इस्तेमाल होने वाला रिलीवर इनहेलर भी अपने साथ रखना चाहिए। घर के दरवाजे और खिड़कियां विशेषकर सुबह और शाम के समय बंद रखने तथा कमरे में अगरबत्ती, धूपबत्ती और मच्छर भगाने वाली कॉइल के धुएं से बचने की सलाह दी गई है।
डॉ. पाठक ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और श्वसन संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई, सीने में दर्द, ऑक्सीजन का स्तर गिरने या लगातार खांसी जैसी समस्या होने पर घरेलू उपायों के भरोसे नहीं रहना चाहिए, बल्कि तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
प्रदूषण के इस दौर में सावधानी और समय पर उपचार ही सांस संबंधी समस्याओं से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।