MENU

1008 लड्डुओं से सजा बाबा विश्वनाथ का भव्य शिवालय, अन्नकूट पर चढ़ा छप्पन भोग



 11/Nov/26

पांच दशक पुरानी परंपरा के तहत तैयार हुआ लड्डुओं का मंदिर, पालकी यात्रा के साथ धाम पहुंचे बाबा विश्वनाथ

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में अन्नकूट महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का भव्य अन्नकूट श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे मिष्ठानों, लड्डुओं और विभिन्न प्रकार के पकवानों से सजी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बाबा विश्वनाथ को विधिवत छप्पन भोग अर्पित किया गया।

अन्नकूट के अवसर पर भगवान विश्वेश्वर को विभिन्न प्रकार की मिठाइयों, फलों, मेवों, नमकीन और पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया गया। भव्य श्रृंगार और आकर्षक भोग दर्शन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

1008 लड्डुओं से तैयार हुआ भव्य शिवालय

अन्नकूट महापर्व का प्रमुख आकर्षण श्री वैकुंठ महादेव प्रांगण में 1008 लड्डुओं से निर्मित भव्य शिवालय रहा। करीब पांच दशक पुरानी परंपरा के अनुसार विशेष सांचे की मदद से लड्डुओं को मंदिर का आकार देकर सजाया गया। इस विशेष सांचे को बीएचयू के दृश्य कला संकाय के तत्कालीन रीडर पं. जयशंकर मिश्र ने तत्कालीन महंत पं. रामशंकर त्रिपाठी के आग्रह पर तैयार किया था। आज भी इसी सांचे की मदद से लड्डुओं का आकर्षक शिवालय बनाया जाता है।

पारंपरिक पालकी यात्रा से धाम पहुंचे बाबा विश्वनाथ

अन्नकूट पर्व पर टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास से बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा की पारंपरिक पालकी यात्रा निकाली गई। शहनाई की मंगल ध्वनि, डमरू की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच यात्रा टेढ़ीनीम, साक्षी विनायक, ढुंढिराज गणेश और मां अन्नपूर्णा मंदिर होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंची। यहां बाबा को विधिवत विराजमान कर पूजन-अर्चन किया गया और छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा संपन्न हुई।

अन्नकूट पर्व का धार्मिक महत्व

अन्नकूट पर्व अन्न, समृद्धि और लोककल्याण की कामना से जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों और मिष्ठानों का भोग अर्पित किया जाता है। काशी में अन्नकूट की यह प्राचीन परंपरा भगवान विश्वनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और सनातन संस्कृति की समृद्ध विरासत को दर्शाती है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3417


सबरंग