वाराणसी। काशी में 10 नवंबर को ऐतिहासिक गोवर्धन पूजनोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित इस वार्षिक उत्सव के तहत गोवर्धन धाम में सुबह आरती के बाद विधिवत हवन-पूजन होगा, जो सुबह 11 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे चेतगंज स्थित हथुआ मार्केट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव शोभायात्रा का शुभारंभ करेंगे।
शोभायात्रा लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, प्रहलादघाट और भैंसासुर होते हुए नमो घाट पहुंचेगी। यहां शाम 5 बजे शोभायात्रा आध्यात्मिक सभा में परिवर्तित हो जाएगी। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण, भगवान शिव-पार्वती और भगवान श्रीराम से जुड़ी देश के विभिन्न क्षेत्रों से आईं आध्यात्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। काशीवासियों के साथ ग्वाल-बालों की टोली आगे चलेगी। इसके अलावा बनारसी लट्ठबाजी (पटा बनेठी) और केदारनाथ मंदिर की झांकी भी लोगों का ध्यान आकर्षित करेगी।
शाम 5 बजे से गोवर्धन धाम, नमो घाट के ओपन थिएटर में विशाल आध्यात्मिक सभा का शुभारंभ होगा। इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समिति की ओर से शिक्षा, खेल, चिकित्सा, व्यापार और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 लोगों को ‘गोवर्धन श्री सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन में समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू, महामंत्री जयप्रकाश यादव, उपाध्यक्ष अजय यादव अज्जू, विनोद यादव, अभय स्वाभिमानि, विनय यादव और राजेश अहीर प्रमुख रूप से शामिल हैं।