MENU

त्योहारों से पहले वरुणा जोन में अवैध ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ चला अभियान



 07/Nov/26

डीसीपी ने गिलट बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर हटवाए

वाराणसी। धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर वरुणा जोन पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। 5 नवंबर को जोन के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन ने शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार चौकी में स्वयं पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और सड़क पर जाम लगाने वाले अवैध ऑटो व ई-रिक्शा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों को जाममुक्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस टीमों ने वाहनों की चेकिंग के दौरान उनमें लगे प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर हटवाए। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। वहीं, अवैध रूप से संचालित ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ पूरे दिन कार्रवाई जारी रही।

डीसीपी ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थलों और चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। पैदल गश्त और नियमित वाहन चेकिंग के जरिए असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाए तथा यातायात को सुचारु बनाए रखा जाए, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति न बने।

वरुणा जोन के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और अवैध वाहनों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान सुरक्षित माहौल और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8696


सबरंग