युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat) वाराणसी की ओर से बुधवार को डॉ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज में ‘यूथ पार्लियामेंट 2027’ का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें युवाओं ने एक साथ चुनाव कराने के विभिन्न पहलुओं, वित्तीय लाभ, संसाधनों की बचत और सुशासन को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन प्रतिभागियों का चयन किया गया, जो लखनऊ में विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने अपने तर्कों और विचारों के माध्यम से एक राष्ट्र, एक चुनाव की व्यवस्था के संभावित लाभों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक नागेश्वर सिंह और प्राचार्य डॉ. आनंद सिंह मौजूद रहे। प्रज्ञा प्रवाह के रामाशीष ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही नेतृत्व क्षमता विकसित कर देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पूर्व डीआईओएस डॉ. अवध किशोर सिंह, दैनिक जागरण आई-नेक्स्ट के विकास रघुवंशी, शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रचना पांडेय और राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष अरविंद चौबे शामिल रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ व्यवस्था लागू होने से बार-बार चुनाव कराने पर होने वाले वित्तीय खर्च और संसाधनों के उपयोग में कमी आ सकती है। इससे विकास कार्यों में निरंतरता बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है।