MENU

डॉ. अश्विनी कुमार जैन की स्मृति में छात्राओं को बांटे फुटवियर, ठंड से बचाव के लिए संकल्प संस्था ने की पहल



 07/Nov/26

हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज की जरूरतमंद छात्राओं को मिला सहयोग, अनिल कुमार जैन बोले- सेवा और संवेदना के मूल्यों को जीवित रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि

वाराणसी। संकल्प संस्था की ओर से संस्थापक सदस्य स्व. डॉ. अश्विनी कुमार जैन की स्मृति में मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज की जरूरतमंद छात्राओं को सर्दी से बचाव के लिए फुटवियर भेंट किए गए। संस्था ने इस पहल के जरिए जरूरतमंद छात्राओं की सहायता के साथ स्व. डॉ. जैन के सेवा और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

स्व. डॉ. अश्विनी कुमार जैन अपने सेवाभाव, सरल स्वभाव और मरीजों के प्रति आत्मीय व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उन्होंने चिकित्सकीय जीवन में उपचार के साथ अपने स्नेह और संवेदनशीलता से लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया। उनकी स्मृति में आयोजित इस सेवा कार्य के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि किसी जरूरतमंद बच्चे की छोटी-सी जरूरत पूरी कर उसके चेहरे पर मुस्कान लाना भी सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। बेटियों की शिक्षा के साथ उनकी सुविधाओं और जरूरतों का ध्यान रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सेवा और संवेदना के मूल्यों को जीवित रखना ही अपनों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को दिया गया यह सहयोग उनके लिए उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रबंधक हरीश अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया और संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन सहित संस्था के सदस्यों के प्रति आभार जताया।

इस मौके पर गीता जैन, संध्या जैन, डॉ. हर्षित जैन, डॉ. अंचल अग्रवाल जैन, गीतिका जैन सहित संकल्प संस्था के सदस्य, विद्यालय की शिक्षिकाएं और सहयोगी मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8077


सबरंग