वाराणसी। धनतेरस, दीपावली और भाईदूज पर शहर में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल बुधवार को यातायात व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर उतरे। उन्होंने कचहरी से भोजूबीर और मरीमाई से रथयात्रा तक प्रमुख मार्गों, बाजारों और जाम संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अतिक्रमण, पार्किंग और यातायात संचालन में आ रही समस्याओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि अगले चार दिनों तक सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी स्वयं सड़कों पर रहकर यातायात व्यवस्था संभालेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी कार्यालयों में बैठकर समीक्षा करने के बजाय मौके पर मौजूद रहकर समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं। त्योहारों के दौरान प्रत्येक थाने की उपलब्ध पुलिस फोर्स का कम से कम 80 प्रतिशत हिस्सा सड़क, प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रहेगा।
उन्होंने यातायात और स्थानीय पुलिस को आपसी समन्वय से प्रमुख चौराहों और जाम संभावित स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू करने और वाहनों के दबाव के हिसाब से पुलिस बल की तैनाती में बदलाव करने को कहा।
पुलिस आयुक्त ने दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण, ठेले और खोमचे हटवाने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने को कहा। व्यापारियों को अपने ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख पार्किंग स्थलों पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर चालकों को वैकल्पिक पार्किंग की ओर भेजने और बाजारों में पार्किंग व मार्ग संबंधी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए। गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन रोकने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों और अन्य आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा नहीं आनी चाहिए। सभी राजपत्रित अधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण और पैदल गश्त कर यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अगले चार दिनों तक यातायात प्रबंधन और अतिक्रमण नियंत्रण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन और व्यापारियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।