जौनपुर। धनतेरस और दीपावली पर्व को देखते हुए बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने जौनपुर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर त्योहार के दौरान सुरक्षा संबंधी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली।
डीआईजी ने सद्भावना पुल से अशोक टॉकीज तिराहा, सर्राफा मंडी और चहारसू चौराहा होते हुए कोतवाली तिराहा तक पैदल गश्त की। इस दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सतर्कता एवं सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया गया।
इसके बाद कोतवाली परिसर में सर्राफा व्यवसायियों और अन्य व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सर्राफा दुकानों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता तथा सुरक्षा उपकरणों के समुचित उपयोग पर चर्चा हुई। व्यापारियों से प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को त्योहारों के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित पैदल गश्त और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के साथ महिला सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।