तीन विद्यालयों में हुईं नृत्य, वादन और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं, काशी विद्यापीठ की टीम ने नुक्कड़ नाटक में मारी बाजी
वाराणसी। काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के तहत मंगलवार को जनपद स्तर पर नृत्य, वादन और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीन आयु वर्गों में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वादन प्रतियोगिता मुकुलारण्यम पब्लिक स्कूल, सिगरा में, नृत्य प्रतियोगिता सनबीम स्कूल, वरुणा में और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता गुरुनानक इंग्लिश स्कूल, शिवपुर में आयोजित हुई।
नृत्य प्रतियोगिता में 97 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
नृत्य प्रतियोगिता में 97 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें 43 बालक और 54 बालिकाएं शामिल रहीं। एकल वर्ग में 37, युगल में 12 और समूह वर्ग में 48 प्रतिभागियों ने प्रस्तुतियां दीं।
19 से 40 वर्ष आयु वर्ग की शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में भरतनाट्यम एकल विधा में श्रेया मिश्रा प्रथम और कथक में सुभाश्री चक्रवर्ती प्रथम रहीं। लोक नृत्य एकल में अदिति चौधरी ने पहला और रेयांशी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
युगल वर्ग में भरतनाट्यम में सौम्या और जया की जोड़ी प्रथम रही। कथक में ईशान और स्वाती ने बाजी मारी। लोकनृत्य में संजना और मुस्कान प्रथम रहीं, जबकि सेमी क्लासिकल युगल में आयुष केशरी ग्रुप ने पहला स्थान हासिल किया।
समूह प्रतियोगिताओं में शास्त्रीय नृत्य में शिवम ग्रुप प्रथम रहा। लोक नृत्य में विधि ग्रुप ने पहला और सुमन ग्रुप ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। आदिवासी नृत्य समूह में तिब्बत ग्रुप प्रथम और अयतिका ग्रुप द्वितीय रहा।
वादन में 67 कलाकारों ने दिखाया हुनर
वादन प्रतियोगिता में 67 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 42 बालक और 25 बालिकाएं शामिल थीं। एकल वर्ग में 14, युगल में 16 और समूह वर्ग में 37 प्रतिभागियों ने अपनी संगीत प्रतिभा दिखाई।
19 से 40 वर्ष आयु वर्ग में स्वर वाद्य की बांसुरी विधा में शिवम मोदनवाल प्रथम रहे। सरोद में लीना जायसवाल और सितार में केतकी दीक्षित ने पहला स्थान हासिल किया। ताल वाद्य की वायलिन विधा में दीपक विश्वकर्मा प्रथम रहे। तबला-पखावज में सुभव तिवारी प्रथम और अनुराग पांडेय द्वितीय रहे। लोक वाद्य की ढोलक विधा में सुचिता दास ने पहला स्थान प्राप्त किया।
युगल प्रतियोगिता में स्वर वाद्य (सितार) में कशिष चौधरी ग्रुप प्रथम रहा। ताल वाद्य (वायलिन) युगल में सुचिता दास ग्रुप और समूह वायलिन में कशिष चौधरी ग्रुप ने प्रथम स्थान हासिल किया।
नुक्कड़ नाटक में काशी विद्यापीठ की टीम प्रथम
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में 102 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 24 प्रतिभागियों ने एकल और 78 ने समूह वर्ग में प्रस्तुति दी। 19 से 40 वर्ष आयु वर्ग के एकल मुकाबले में भानु प्रताप प्रथम और गायत्री गुप्ता द्वितीय रहीं। विश्वविद्यालय स्तर की समूह प्रतियोगिता में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
धर्मेंद्र सिंह और पूनम मौर्य रहीं मौजूद
प्रतियोगिताओं में विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह और जिला पंचायत प्रशासक पूनम मौर्य उपस्थित रहीं। काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है। नृत्य, संगीत और नुक्कड़ नाटक में प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बनाया।